दर्द के बावजूद जोकोविच अगले दौर में, फेडरर पहला सेट गंवाने के बाद जीते
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 29 Aug 2019 5:05 PM
न्यूयार्क : गत चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने कंधे के दर्द के वावजूद बुधवार को बारिश से प्रभावित अमेरिकी ओपन ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि रोजर फेडरर ने एक और धीमी शुरुआत करते हुए कदम आगे बढ़ाये. वहीं महिलाओं के वर्ग में सेरेना विलियम्स ने वाइल्डकार्ड से प्रवेश करने वाली 17 […]
न्यूयार्क : गत चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने कंधे के दर्द के वावजूद बुधवार को बारिश से प्रभावित अमेरिकी ओपन ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि रोजर फेडरर ने एक और धीमी शुरुआत करते हुए कदम आगे बढ़ाये.
वहीं महिलाओं के वर्ग में सेरेना विलियम्स ने वाइल्डकार्ड से प्रवेश करने वाली 17 साल की कैटी मैकनैली को 5-7 6-3 6-1 से शिकस्त दी. अमेरिका की आठवीं वरीय सेरेना अपने करियर का 24वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर मारग्रेट कोर्ट के रिकार्ड की बराबरी करने की कोशिश में जुटी हैं.
शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी जोकोविच पिछले पांच ग्रैंडस्लैम में से चार अपने नाम कर चुके हैं और कुल 16 खिताब जीतने वाले इस धुरंधर ने अर्जेंटीना के 56 रैंकिंग के जुआन इग्नासियो लोंडेरो पर 6-4 7-6 6-1 से जीत हासिल की. सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच ने अपने कंधे की चोट के बारे में कहा, इससे निश्चित रूप से मेरी सर्विस और बैकहैंड पर असर पड़ रहा था.मेरी सचमुच काफी परीक्षा हुई.
दर्द के साथ खेलना आसान नहीं था, लेकिन आपको उम्मीद करनी होती है कि आपको कुछ मौके मिले और कुछ शाट भाग्यशाली रहें. अब जोकोविच का सामना हमवतन दुसान लाजोविच और अमेरिका के डेनिस कुडला के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा.
हालांकि इस चोट से उनके प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है. उन्होंने कहा, इस तरह की चुनौती मेरे सामने पहली बार नहीं आयी है. मैं बर्फ का पैक इस्तेमाल करूंगा. देखते हैं क्या होता है. वहीं 20 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता फेडरर 2008 के बाद पहली अमेरिकी ओपन ट्रॉफी जीतने की उम्मीद लगाये हैं जिन्होंने 2004 से 2008 तक लगातार यहां खिताब जीते थे.
उन्होंने 99वीं रैंकिंग के बोस्नियाई खिलाड़ी दामिर जुमहुर पर 3-6 6-2 6-3 6-4 से फतह हासिल की. स्विट्जरलैंड के तीसरे वरीय खिलाड़ी ने भारतीय क्वालीफायर सुमित नागल के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में भी पहला सेट गंवाया था, लेकिन 38 साल के इस खिलाड़ी ने पहले सेट में 17 अनफोर्स्ड गलतियां करने के बाद वापसी की.
फेडरर ने कहा, जब आप लगातार मैचों में ऐसा करते हो तो यह थोड़ा निराशाजनक होता है, विशेषकर तब जब टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में ऐसा हो. इतनी सारी गलतियां कीं, लेकिन आप सिर्फ बेहतर ही कर सकते हो जो आगे बढ़ने के लिये अच्छी चीज है. अब वह फ्रांस के 25वें वरीय लुकास पौउली और ब्रिटेन के डैन इवांस के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे.
जापान के सातवें वरीय और 2014 अमेरिकी ओपन के उप विजेता केई निशिकोरी ने अमेरिका के 108वीं रैंकिंग के ब्रैडले क्लान को 6-2 4-6 6-3 7-5 से पराजित किया. निशिकोरी क्वार्टरफाइनल में फेडरर के सामने हो सकते हैं.महिलाओं के वर्ग में फ्रेंच ओपन चैम्पियन एशले बार्टी ने अमेरिका की लौरेन डेविस को 6-2 7-6 से शिकस्त दी. पहले ग्रैंडस्लैम खिताब की कोशिश में जुटीं चेक गणराज्य की तीसरी वरीय कैरोलिना प्लिस्कोवा ने जार्जिया की क्वालीफायर मरियम बोल्कवाद्जे को 6-1 6-4 से शिकस्त दी.
यूक्रेन की पांचवीं वरीय एलिना स्वितोलिना ने सात बार की ग्रैंडस्लैम विजेता वीनस विलियम्स को 6-4 6-4 से मात दी. अमेरिका की 10वीं वरीय मेडिसन कीज ने चीन की जु लिन का सफर 6-4 6-1 से समाप्त किया.
बारिश के कारण 32 में से केवल 10 एकल मैच खेले जा सके. रूस के पांचवें वरीय दानिल मेदवेदेव और तीन बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन स्टान वावरिंका के मैच अगले दिन के लिये स्थगित कर दिये गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










