ePaper

वर्ल्ड नंबर वन को परास्त कर के श्रीकांत इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में, प्रणय हारे

Updated at : 17 Jun 2017 7:44 PM (IST)
विज्ञापन
वर्ल्ड नंबर वन को परास्त कर के श्रीकांत इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में, प्रणय हारे

जकार्ता : भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी के श्रीकांत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कोरिया के सोन वान हो को कड़े मुकाबले में हराकर उलटफेर करते हुए 10,00,000 डाॅलर इनामी इंडोनेशिया सुपर सीरीज प्रीमियर के पुरुष एकल फाइनल में जगह बनायी, लेकिन जाइंट किलर एचएच प्रणय को शिकस्त का […]

विज्ञापन

जकार्ता : भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी के श्रीकांत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कोरिया के सोन वान हो को कड़े मुकाबले में हराकर उलटफेर करते हुए 10,00,000 डाॅलर इनामी इंडोनेशिया सुपर सीरीज प्रीमियर के पुरुष एकल फाइनल में जगह बनायी, लेकिन जाइंट किलर एचएच प्रणय को शिकस्त का सामना करना पड़ा. गुंटूर के 24 साल के श्रीकांत ने एक घंटा और 12 मिनट चले मुकाबले में 21-15, 18-21, 24-22 से जीत दर्ज की. दुनिया के 22वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत रविवार को होनेवाले फाइनल में जापान के क्वालीफायर सकाई से भिड़ेंगे.

पिछले दो दिन में ओलंपिक रजत पदक विजेता ली चोंग वेई और स्वर्ण पदक विजेता चेन लोंग को हरानेवाले दुनिया के 25वे नंबर के खिलाड़ी प्रणय से काफी उम्मीदें थी, लेकिन इस भारतीय खिलाड़ी को 77 मिनट में जापान के काजुमासा सकाई के खिलाफ 21-17, 26-28, 18-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा. सोन के खिलाफ श्रीकांत का जीत-हार का रिकार्ड 2-4 है. उन्होंने कोरियाई खिलाडी के खिलाफ पिछले चार मुकाबले गंवाये हैं, लेकिन शनिवार को जकार्ता कन्वेंशन सेंटर में भारतीय खिलाडी अहम अंक जीत कर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा.

श्रीकांत ने चौथी बार सुपर सीरीज फाइनल में जगह बनायी है. इससे पहले वह अप्रैल में सिंगापुर में फाइनल में पहुंचे थे, जबकि 2014 में चीन ओपन और 2015 में इंडिया ओपन का खिताब जीता था. श्रीकांत और सोन के बीच तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में कुछ शानदार रैली देखने को मिली. भारतीय खिलाड़ी ने नेट पर शानदार खेल दिखाया और उनके स्मैश भी दमदार थे. सोन हालांकि पूरे मुकाबले के दौरान कभी हार मानने के मूड में नहीं दिखे. पहले गेम में दोनों खिलाड़ी 3-3 से बराबर थे, जिसके बाद श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-6 की बढ़त बनायी. श्रीकांत ने हालांकि इसके बाद कई सहज गलतियां की जिससे सोन ने स्कोर 10-12 कर दिया. श्रीकांत ने इसके बाद कुछ अच्छे स्मैश की बदौलत 19-13 की बढ़त बनायी. सोन ने इसके बाद अपना शाॅट नेट पर उलझा कर भारतीय खिलाड़ी को गेम प्वाइंट दिया. जिसके बाद श्रीकांत ने एक अंक अर्जित कर गेम जीत लिया.
खेल बैडमिंटन लीड भारत दो अंतिम

दूसरे गेम में भी श्रीकांत ने अच्छी शुरुआत करते हुए 4-2 की बढ़त बनायी, लेकिन सोन ने 9-9 के स्कोर पर बराबरी हासिल की. कोरियाई खिलाड़ी मध्यांतर तक 10-11 से पीछे था. श्रीकांत ने स्कोर 13-10 किया, लेकिन सोन ने जोरदार वापसी करते हुए 13-13 पर बराबरी हासिल की और फिर 18-14 की बढ़त बनायी. श्रीकांत ने इसके बाद अपना शाॅट नेट में उलझाकर दूसरा गेम सोन की झोली में डाला.

निर्णायक गेम में दोनों के बीच कडी टक्कर देखने को मिली. दोनों पहले 6-6 और फिर 10-10 पर बराबर थे जिसके बाद सोन ने ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बनायी. सोन ने बढ़त को 13-10 किया, लेकिन श्रीकांत ने 14-14 पर बराबरी हासिल की जिसके बाद स्कोर 19-19 हुआ. सोन को मैच प्वाइंट मिला, लेकिन उन्होंने शाॅट बाहर मारकर भारतीय खिलाडी को वापसी का मौका दिया. श्रीकांत ने 22-21 की बढ़त बनायी, लेकिन इसके बाद शाॅट बाहर मार गये जिससे स्कोर 22-22 हो गया. श्रीकांत ने इसके बाद क्राॅस कोर्ट स्मैश के साथ मैच प्वाइंट हासिल किया और फिर अगला अंक जुटा कर गेम और मैच अपने नाम किया.

दूसरी तरफ प्रणय को अपनी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा. पहले गेम में स्कोर 2-2 से बराबर था, लेकिन बाद में भारतीय खिलाड़ी ने 4-2 से बढत बना ली और ब्रेक तक बढ़त 11-6 की हो गयी. एक समय 19-15 की बढ़त होने के बाद उन्हें गेम प्वाइंट मिला, लेकिन उनका शाट वाइड रहा. जापानी खिलाडी ने दो गेम प्वाइंट बचाये, लेकिन उनका स्मैश नेट के भीतर चला गया. दूसरे गेम में पलड़ा बराबर रहा. सकाइने 5-1 से बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय खिलाडी ने अंतर 4-5 का कर दिया. इसके बाद सकाई ने 11-5 की बढ़त बना ली और प्रणय की रिटर्न नेट के भीतर चली गयी. दोनों के बीच लंबी रैली चली जिसे प्रणय पूरी नहीं कर सके और कई सहज गलतियां की. प्रणय ने इसके बाद डट कर मुकाबला किया और एक समय स्कोर 18-18 हो गया. सकाई ने स्कोर 20-19 कर लिया. जापानी खिलाड़ी ने 27-26 की बढ़त बनायी और प्रणय का स्मैश नेट में जाने से यह गेम जीत लिया. तीसरे गेम में भी प्रणय की सहज गलतियों का फायदा उठा कर सकाई ने गेम और मैच जीत लिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola