लिवरपूल के 'क्लच किंग' डिवॉक ओरिगी ने फुटबॉल से लिया संन्यास
Published by : Swayam Rishi Updated At : 09 Jun 2026 10:33 AM
डिवॉक ओरिगी (फोटो : सोशल मीडिया)
Divock Origi Retirement: बेल्जियम के स्टार खिलाड़ी डिवॉक ओरिगी ने 31 वर्ष की उम्र में फुटबॉल से संन्यास ले लिया है. उनका यह फैसला फीफा विश्व कप शुरू होने से ठीक पहले आया है.
Divock Origi Retirement: फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है. बेल्जियम के स्टार स्ट्राइकर और लिवरपूल के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डिवॉक ओरिगी ने पेशेवर फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है. मैदान पर अपनी चमत्कारी और ऐतिहासिक पलों के लिए मशहूर 31 वर्षीय ओरिगी ने अपने इस फैसले से दुनिया भर के फैंस को चौंका दिया है. सोशल मीडिया पर उनके संन्यास की खबर आते ही फुटबॉल जगत से उन्हें बधाइयां और सम्मान मिल रहा है.
लिवरपूल के लिए ‘संकटमोचक’ रहे ओरिगी
डिवॉक ओरिगी का नाम जब भी लिया जाएगा, लिवरपूल के फैंस के चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान आ जाएगी. भले ही वह टीम के नियमित खिलाड़ी नहीं रहे, लेकिन जब भी टीम को सबसे ज्यादा जरूरत पड़ी, ओरिगी ‘संकटमोचक’ बनकर उभरे. साल 2019 के चैंपियंस लीग सेमीफाइनल में बार्सिलोना के खिलाफ उनका वह ऐतिहासिक गोल जो ट्रेंट अलेक्जेंडर-आर्नोल्ड के ‘क्विक कॉर्नर’ की बदौलत आया था, फुटबॉल इतिहास के सबसे यादगार पलों में गिना जाता है.उसी साल टोटेनहम के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने गोल दागकर लिवरपूल को खिताब जिताया था.
इंटरनेशनल और क्लब करियर पर एक नजर
ओरिगी ने बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम के लिए भी शानदार योगदान दिया. 2014 के फीफा विश्व कप में रूस के खिलाफ उनका गोल हमेशा याद रखा जाएगा, जिसने उन्हें बेल्जियम के लिए विश्व कप में गोल करने वाला सबसे युवा खिलाड़ी बना दिया था. लिवरपूल के अलावा उन्होंने लिली, वोल्फ्सबर्ग, एसी मिलान और नॉटिंघम फॉरेस्ट जैसे बड़े क्लबों का भी प्रतिनिधित्व किया. हालांकि, उनके करियर का स्वर्णिम काल एनफील्ड पर ही बीता, जहां उन्होंने प्रीमियर लीग, चैंपियंस लीग और एफए कप सहित कई बड़े खिताब अपने नाम किए.
फुटबॉल जगत ने दी विदाई
ओरिगी के संन्यास पर लिवरपूल के पूर्व साथियों और कोचों ने उन्हें ट्रिब्यूट दिया है। फैंस उन्हें ‘लिवरपूल लेजेंड’ और ‘द अल्टीमेट सुपर-सब’ कहकर याद कर रहे हैं. ओरिगी ने फुटबॉल को अलविदा कहते हुए अपने क्लबों, साथियों और फैंस का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि फुटबॉल ने उन्हें जो दिया है, वह उसके लिए हमेशा आभारी रहेंगे. मैदान पर भले ही अब ओरिगी की दौड़ देखने को न मिले, लेकिन उनके जादुई पल फुटबॉल के इतिहास में हमेशा अमर रहेंगे.
ये भी पढ़े: फीफा वर्ल्ड कप 2026: सभी 48 टीमों ने किया फाइनल स्क्वॉड का ऐलान, यहां देखें पूरी लिस्ट https://www.prabhatkhabar.com/sports/fifa-world-cup-2026-all-48-teams-final-squads-full-list
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










