ePaper

Ranji Trophy: तमिलनाडु को पारी से हराकर मुंबई फाइनल में, वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

Updated at : 04 Mar 2024 8:55 PM (IST)
विज्ञापन
Ranji Trophy: तमिलनाडु को पारी से हराकर मुंबई फाइनल में, वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

Ranji Trophy: Mumbai Team

Ranji Trophy: अपने होम ग्राउंड में मुंबई की टीम ने तमिलनाडु को एक पारी और 70 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. यह मुकाबला तीन दिन में ही समाप्त हो गया.

विज्ञापन

मुंबई : शार्दुल ठाकुर के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत कई बार की चैंपियन मुंबई ने सोमवार को तमिलनाडु को सेमीफाइनल में तीन दिन के अंदर पारी और 70 रन से शिकस्त देकर रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) फाइनल में प्रवेश किया. दूसरे दिन 109 रन की शतकीय पारी खेलकर मुंबई को पहली पारी के आधार पर 232 रन की विशाल बढ़त दिलाने के बाद ठाकुर की अगुआई वाले मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण ने तमिलनाडु को दूसरी पारी में महज 162 रन पर समेट दिया. मेहमान टीम के लिए केवल बाबा इंद्रजीत (70 रन) ही टिककर खेल सके और बाकी के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से तमिलनाडु की टीम अपने पहले रणजी नॉकआउट मैच में कोई चुनौती पेश नहीं कर सकी.

Ranji Trophy: तमिलनाडु की बल्लेबाजी काफी खराब

एक बार फिर तमिलनाडु के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कोई भी योगदान नहीं कर सके जिससे मध्यक्रम ने भी दबाव में घुटने टेक दिए. हालांकि इंद्रजीत और प्रदोष रंजन पॉल ने चौथे विकेट के लिए 73 रन बनाकर चुनौती पेश करने की कोशिश की लेकिन सिर्फ एक भागीदारी से काम नहीं चलने वाला था. मुंबई की जीत में गेंदबाजी ऑल राउंडर ठाकुर (109 रन, 48 रन देकर दो विकेट और 16 रन देकर दो विकेट) की भूमिका अहम रही जिन्होंने दूसरे दिन सभी प्रारूपों में अपना पहला शतक जड़कर टीम को पहली पारी में सात विकेट पर 106 रन से उबारकर 232 रन की बढ़त दिलायी थी.

Ranji Trophy: शार्दुल ठाकुर ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन

फिर तीसरे दिन ठाकुर ने शुरू में ही तमिलनाडु के दो विकेट झटक लिए जिससे मुंबई ने मेहमान टीम के दूसरी पारी में 10 रन तक तीन विकेट हासिल कर लिये थे. बी साई सुदर्शन को हालांकि श्रेयस अय्यर ने पहले ओवर में मिडविकेट पर कैच छोड़कर जीवनदान दिया लेकिन ठाकुर ने शानदार इनस्विंगर पर बायें हाथ के इस बल्लेबाज को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करा दिया. ठाकुर ने नयी गेंद से खतरनाक स्विंग हासिल की और एन जगदीशन को खाता भी नहीं खोलने दिया. मोहित अवस्थी ने भी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे वाशिंगटन सुंदर को आउट कर सफलता का स्वाद चखा.

Ranji Trophy: इंद्रजीत ने बनाए 70 रन

शीर्ष क्रम के चरमराने के बाद तमिलनाडु के लिए इंद्रजीत और प्रदोष रंजन ने जिम्मेदाराना साझेदारी की और मुंबई के गेंदबाजों को कोई और झटका नहीं देने दिया. इंद्रजीत ने 105 गेंद खेलकर नौ चौके की मदद से 70 रन बना लिये थे लेकिन अवस्थी की गेंद पर बल्ला छुआकर विकेटकीपर को कैच दे बैठे. मुंबई के स्पिनर तनुष कोटियान (18 रन देकर दो विकेट) और शम्स मुलानी (53 रन देकर चार विकेट) ने फिर साथी तेज गेंदबाजों के साथ मिलकर तमिलनाडु के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया तथा बाकी बचे छह विकेट झटककर मेजबान टीम को जीत दिलायी.

Ranji Trophy: वानखेड़े स्टेडियम में होगा फाइनल मुकाबला

इससे पहले मुंबई की टीम पहली पारी में 378 रन पर सिमट गयी. सुंदर ने तुषार देशपांडे (26 रन) को आउट कर कोटियान (नाबाद 89 रन) के साथ उनकी 10वें विकेट की साझेदारी समाप्त की. मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने सोमवार को बताया कि इस रणजी ट्रॉफी सत्र का फाइनल यहां 10 से 14 मार्च तक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जायेगा. 41 बार की चैंपियन मुंबई के 48वीं दफा फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बाद खिताबी भिड़ंत के स्थल की घोषणा की गयी. एमसीए के सचिव अजिंक्य नायक ने एक बयान में कहा, ‘वानखेड़े स्टेडियम करीब 50 साल से मुंबई क्रिकेट का घर रहा है. इसलिए टूर्नामेंट की विरासत को देखते हुए और पूरे मुंबई क्रिकेट समुदाय के लिए इस बड़े मैच की अहमियत को देखते हुए यह बिलकुल उचित है कि वानखेड़े स्टेडियम में फाइनल खेला जा रहा है.’ मुंबई फाइनल में विदर्भ और मध्य प्रदेश के बीच चल रहे दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola