Australian Cricketers Performance in IPL 2025: आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च को हुआ और 3 जून को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु की ऐतिहासिक जीत के साथ इसका समापन हुआ. भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के चलते लीग को 10 दिनों के लिए रोकना पड़ा, जिससे कार्यक्रम में बदलाव हुआ. 74 दिन तक चले 74 मैचों के इस रोमांचक सीजन के दौरान कुल 16 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कई ने अपनी छाप भी छोड़ी. जहां कुछ खिलाड़ी चमके, वहीं कुछ अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके. आइए एक नजर डालते हैं इस साल आईपीएल में भाग लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनके प्रभावशाली पलों पर.
पैट कमिंस : सनराइजर्स हैदराबाद
मैच: 14 | विकेट: 16 | औसत: 28.13 | इकॉनमी: 9.06 | स्ट्राइक रेट: 18.63 | सर्वश्रेष्ठ: 3/19
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान के रूप में पैट कमिंस ने गेंद से एक अच्छा सीजन बिताया और वह टूर्नामेंट में शीर्ष 10 विकेट लेने वालों में शामिल रहे. हालांकि ये प्रदर्शन उनकी सर्वश्रेष्ठ क्षमताओं से थोड़ा नीचे रहा. बल्ले से कमिंस ज्यादा योगदान नहीं दे सके, लेकिन 97 रन बनाए और 167.24 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो उनके किसी भी सीजन में सबसे ऊंची स्ट्राइक रेट रही है (जहां उन्होंने छह या अधिक मैच खेले हों). हालांकि उनकी टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी.
मिचेल मार्श : लखनऊ सुपर जायंट्स
मैच: 13 | रन: 627 | औसत: 48.23 | स्ट्राइक रेट: 163.70 | अर्धशतक: 6 | शतक: 1 | सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 117
कमर की चोट से उबरने के बाद मिच मार्श ने शानदार वापसी की. इम्पैक्ट सब रूल का फायदा उठाते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें केवल बल्लेबाजी के लिए इस्तेमाल किया. उन्हें या तो फील्डिंग के बाद उन्हें सबस्टिट्यूट कर दिया जाता या फील्डिंग से पहले लाया जाता. मार्श ने इस रणनीति का भरपूर फायदा उठाते हुए 13 पारियों में 627 रन ठोके, वे लीग में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज रहे. गुजरात के खिलाफ उनका 117 रनों का पहला आईपीएल शतक इस सीजन का सबसे खास पल रहा.
जोश हेजलवुड : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
मैच: 12 | विकेट: 22 | औसत: 17.54 | इकॉनमी: 8.77 | स्ट्राइक रेट: 12.0 | सर्वश्रेष्ठ: 4/33
2024 संस्करण में अपने बच्चे के जन्म के चलते नहीं खेलने के बाद जोश हेज़लवुड ने इस बार शानदार वापसी की. उन्हें RCB ने 12.5 करोड़ में रिटेन किया और उन्होंने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया. हेजलवुड ने 12 मैचों में 22 विकेट चटकाए और पर्पल कैप के दावेदारों में शामिल रहे. टूर्नामेंट के बीच में वे ऑस्ट्रेलिया लौटे लेकिन प्लेऑफ के लिए वापस भारत आए और पंजाब के खिलाफ क्वालीफायर में 3-21 के स्पेल के साथ अपनी उपयोगिता साबित की. वह हर 12 गेंदों में एक विकेट ले रहे थे और तीन मैच मिस करने के बावजूद RCB के सबसे सफल गेंदबाज रहे.
मिचेल स्टार्क : दिल्ली कैपिटल्स
मैच: 11 | विकेट: 14 | औसत: 26.14 | इकॉनमी: 10.16 | स्ट्राइक रेट: 15.4 | सर्वश्रेष्ठ: 5/35
दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़े दाम पर खरीदे गए मिच स्टार्क ने एक अच्छा टूर्नामेंट खेला. उन्होंने कोलकाता के खिलाफ पांच विकेट झटके और राजस्थान के खिलाफ सुपर ओवर में शानदार गेंदबाज़ी कर टीम को जीत दिलाई. हालांकि, भारत-पाकिस्तान संघर्ष के चलते टूर्नामेंट स्थगित होने के बाद स्टार्क ने भारत वापसी नहीं की और उन्होंने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारी को प्राथमिकता दी.
टिम डेविड : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
मैच: 12 | रन: 187 | औसत: 62.33 | स्ट्राइक रेट: 185.14 | अर्धशतक: 1 | सर्वश्रेष्ठ: 50*
टिम डेविड ने बेंगलुरु के लिए फिनिशर की भूमिका शानदार तरीके से निभाई. उन्होंने 9 पारियों में 185.14 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिनमें दिल्ली के खिलाफ 20 गेंदों में 37* और पंजाब के खिलाफ 26 गेंदों में 50* शामिल हैं. वे टूर्नामेंट के आखिरी ग्रुप मैचों में हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण चोटिल हो गए और प्लेऑफ में नहीं खेल पाए.
ट्रैविस हेड : सनराइजर्स हैदराबाद
मैच: 13 | रन: 376 | औसत: 34.73 | स्ट्राइक रेट: 162.60 | अर्धशतक: 3 | सर्वश्रेष्ठ: 76
2024 में सनराइजर्स की सफलता के बड़े कारण रहे ट्रैविस हेड ने 2025 में भी धमाकेदार शुरुआत की, लेकिन थोड़े अस्थिर प्रदर्शन के साथ. उन्होंने 12 पारियों में तीन बार 50+ स्कोर के साथ 376 रन बनाए. भारत-पाक संघर्ष के बाद वापसी पर वह कोविड के कारण एक मैच नहीं खेल सके और उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी.
जोश इंग्लिस : पंजाब किंग्स
मैच: 11 | रन: 278 | औसत: 30.88 | स्ट्राइक रेट: 162.57 | अर्धशतक: 1 | सर्वश्रेष्ठ: 73
जोश इंग्लिस का यह पहला आईपीएल सीजन था और शुरुआत में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला. लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने नंबर 3 पर शानदार बल्लेबाजी की. आखिरी छह पारियों में (तीन प्लेऑफ मुकाबले शामिल) उन्होंने केवल एक बार ही 30 से कम रन बनाए. मुंबई के खिलाफ 42 गेंदों में 73 और फाइनल में RCB के खिलाफ 23 गेंदों में 39 रन उनकी बेहतरीन पारियों में शामिल रहे. हालांकि, फाइनल में उनका आउट होना ही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और पंजाब को करीबी हार मिली.
मार्कस स्टॉइनिस : पंजाब किंग्स
मैच: 13 | रन: 160 | औसत: 26.66 | स्ट्राइक रेट: 186.04 | सर्वश्रेष्ठ: 44* विकेट: 1 (14 ओवरों में)
सीजन की शुरुआत में धीमे प्रदर्शन के चलते मार्कस स्टॉइनिस को टीम से बाहर कर दिया गया था. लेकिन उन्होंने वापसी की और दिल्ली के खिलाफ 16 गेंदों में 44 रन* बनाकर शानदार योगदान दिया. उनकी स्ट्राइक रेट (186.04) पूरे टूर्नामेंट में पांचवीं सर्वश्रेष्ठ रही (कम से कम 50 गेंदें खेलने वालों में). गेंदबाजी में उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिला, पूरे सीजन में सिर्फ 14 ओवर फेंके और 1 विकेट लिया.
जेक फ्रेजर-मैकगर्क : दिल्ली कैपिटल्स
मैच: 6 | रन: 55 | औसत: 9.16 | स्ट्राइक रेट: 119.56 | सर्वश्रेष्ठ: 38
आईपीएल 2024 में शानदार बल्लेबाजी से चर्चा में आए फ्रेजर-मैकगर्क इस बार अपना जलवा नहीं दिखा सके. छह मैचों में सिर्फ एक बार ही डबल फिगर (10+) तक पहुंचे और इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. दिल्ली की शुरुआत में ही उन्हें ड्रॉप कर दिया गया.
ग्लेन मैक्सवेल : पंजाब किंग्स
मैच: 7 | रन: 48 | औसत: 8.00 | स्ट्राइक रेट: 97.95 | सर्वश्रेष्ठ: 30 विकेट: 4 | औसत: 27.50 | इकॉनमी: 8.46
ग्लेन मैक्सवेल के लिए यह सीजन काफी निराशाजनक रहा. बल्लेबाज़ी में फॉर्म से जूझते रहे और अंततः टूटी उंगली के कारण टूर्नामेंट बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा. हालांकि उन्होंने कुछ विकेट लिए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी से वह मैच-विनिंग प्रभाव नहीं डाल पाए जिसकी उनसे उम्मीद थी.
स्पेंसर जॉनसन : कोलकाता नाइट राइडर्स
मैच: 4 | विकेट: 1 | औसत: 133.00 | इकॉनमी: 11.73 | स्ट्राइक रेट: 68.00 | सर्वश्रेष्ठ: 1/42
मिच स्टार्क के विकल्प के तौर पर लाए गए स्पेंसर जॉनसन का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. चार मैचों में सिर्फ एक विकेट ले सके और हर मैच में भारी रन लुटाए, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया.
जेवियर बार्टलेट : पंजाब किंग्स
मैच: 4 | विकेट: 2 | औसत: 48.00 | इकॉनमी: 9.60 | स्ट्राइक रेट: 30.00 | सर्वश्रेष्ठ: 1/26
पहली बार आईपीएल खेलने आए जेवियर बार्टलेट ने शुरुआती कुछ मैच खेले और फिर आईपीएल के फिर से शुरू होने के बाद एक और मुकाबले में उतरे. उन्होंने क्विंटन डी कॉक और लियाम लिविंगस्टोन जैसे बल्लेबाज़ों को आउट किया, लेकिन नियमित विकेट नहीं निकाल सके. कोलकाता के खिलाफ सिर्फ 111 रनों का बचाव करने में उन्होंने भूमिका निभाई. बाद में उनकी जगह अफगानिस्तान के ओमरजई और काइल जेमीसन को मौका दिया गया.
मिच ओवेन : पंजाब किंग्स
मैच: 1 | रन: 0 | औसत: 0.00
ओवेन PSL और IPL दोनों एक ही साल में खेलने वाले दुर्लभ खिलाड़ियों में से एक रहे. मिच ओवेन को ग्लेन मैक्सवेल के रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया गया था. राजस्थान के खिलाफ 18 मई को उन्होंने डेब्यू किया लेकिन दूसरी गेंद पर ही आउट हो गए. इसके बाद उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला क्योंकि विदेशी खिलाड़ी वापस लौट आए थे.
एडम जांपा : सनराइजर्स हैदराबाद
मैच: 2 | विकेट: 2 | औसत: 47.00 | इकॉनमी: 11.75 | स्ट्राइक रेट: 24.00 | सर्वश्रेष्ठ: 1/46
एडम जांपा को ज्यादा खेलने की उम्मीद थी, लेकिन कंधे की चोट के चलते उनका सीजन सिर्फ दो मैचों में ही खत्म हो गया. ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख व्हाइट-बॉल स्पिनर को अब वेस्ट इंडीज दौरे से पहले रिकवरी करनी होगी.
नाथन एलिस : चेन्नई सुपर किंग्स
मैच: 1 | विकेट: 1 | औसत: 38.00 | इकॉनमी: 9.50 | स्ट्राइक रेट: 24.00 | सर्वश्रेष्ठ: 1/38
नाथन एलिस को एक बार फिर से केवल एक ही मैच में खेलने का मौका मिला, वो भी सीजन के ओपनिंग गेम में मुंबई के खिलाफ, जिसे चेन्नई ने जीता. 2024 में भी पंजाब के लिए उन्हें केवल एक मैच मिला था.
एरोन हार्डी : पंजाब किंग्स
मैच: 0
पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग के अंडर एरोन हार्डी को पहला आईपीएल अनुभव तो मिला, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
यह विश्लेषण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के द्वारा प्रस्तुत किए गए हैं.
‘मेरे पास चार हैं’, RCB जीती IPL 2025 तो एंकर का निशाना बनी CSK, सुरेश रैना ने दिया करारा
IPL 2025: संजीव गोएनका वाली LSG असंतुष्ट; दिग्गज पर गिरेगी गाज, टीम से हो सकता है बाहर