CSK vs RR: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी फिफ्टी, RR ने CSK को 8 विकेट से रौंदा

एक दूसरे से हाथ मिलाते वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल
CSK vs RR: गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा. सीएसके ने किसी प्रकार 127 रन बनाए और बाद में राजस्थान ने 12.1 ओवर में 128 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली. वैभव सूर्यवंशी ने 15 बॉल में फिफ्टी लगाई.
CSK vs RR: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) सीजन की शुरुआत भी शानदार ढंग से की. उन्होंने सीजन के अपने पहले ही मुकाबले में 15 गेंद पर फिफ्टी जड़ दी. वैभव की इस धमाकेदार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से बुरी तरह हरा दिया. 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरआर ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
जायसवाल ने बनाए नाबाद 38 रन
वैभव सूर्यवंशी का भरपूर साथ उनके ओपनर जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने दिया. दोनों ने पावर प्ले में 74 रन जोड़े. पचासा पूरा करने के बाद वैभव क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं पाए और सातवें ओवर में ही 17 गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हो गए. 75 के स्कोर पर आरआर को पहला झटका लगा. इसके बाद क्रीज पर ध्रुव जुरेल आए और उन्होंने भी कुछ तेज शॉट लगाए. हालांकि, जुरेल 9 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हो गए. यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 38 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद ही मैदान से बाहर आए.
ऐसे ढह गई सीएसके की पारी
अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 127 रन पर समेट दिया. तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच का राजस्थान के गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया. बारिश के कारण पिच कुछ समय तक ढकी रहने से उसमें नमी बनी हुई थी.चेन्नई की बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. पावरप्ले में ही चेन्नई को बड़े झटके लगे. नांद्रे बर्गर ने संजू सैमसन को बोल्ड कर पवेलियन भेजा, जबकि जोफ्रा आर्चर ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को आउट किया. आयुष म्हात्रे भी तेज गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके.
ओवरटन से बनाए सीएसके के लिए सबसे अधिक 43 रन
सीजन से पहले हुए अहम बदलाव में रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली हुई थी. जडेजा ने राजस्थान के लिए अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने शुरुआती ओवर में दो विकेट झटकते हुए सरफराज खान (17 रन) को एलबीडब्ल्यू और शिवम दुबे (6 रन) को कैच आउट कराया. आठ ओवर में चेन्नई का स्कोर छह विकेट पर 56 रन हो चुका था. इसके बाद चेन्नई की टीम वापसी नहीं कर सकी. हालांकि जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन की पारी खेलकर टीम को कुछ हद तक संभाला. बाद में सीएसके 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई.
राजस्थान के लिए तेज गेंदबाज जॉफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए. इसके अलावा डेब्यू कर रहे बृजेश शर्मा ने भी एक विकेट हासिल किया.
ये भी पढ़ें…
‘भगवान राम का वनवास’, 14 साल बाद MI ने जीता पहला मैच; नीता अंबानी का रिएक्शन
IPL 2026: रोहित शर्मा ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, KKR के खिलाफ मचाया धमाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




