IND vs PAK: 'जलेबी बेबी' के सिंगर ने पाकिस्तान के जख्मों पर छिड़का नमक, नेशनल एंथम पर खूब लिए मजे

Asia Cup 2025: Pakistan National Anthem
IND vs PAK: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मैच विवादों से भरा रहा. एक तो टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाकर उसे जलील किया. रही-सही कसर डीजे वाले ने पूरी कर दी. पाकिस्तान के राष्ट्रगान के समय दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 'जलेबी बेबी' गाना गूंजने लगा. अब इस गाने के गायक टेशर ने भी पाकिस्तान के मजे लिए हैं.
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के ग्रुप ए का मुकाबला मैदान पर भले ही एकतरफा रहा हो, लेकिन विवाद लगातार बढ़ते जा रहे हैं. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की कोई घटना नहीं हुई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पर नाराजगी जताते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को तुरंत हटाने की मांग कर दी. इसके अलावा, मैच शुरू होने से पहले डीजे और साउंड टीम की गलतियों के कारण पाकिस्तान को शर्मसार भी होना पड़ा. पाकिस्तानी राष्ट्रगान की जगह डीजे पर कोई और गाना बजने लगा और पूरी पाकिस्तानी टीम अवाक रह गई. IND vs PAK Jalebi Baby singer rubbed salt on Pakistan wounds a lot of fun on national anthem
पाकिस्तान के राष्ट्रगान के समय बजा ‘जलेबी बेबी’ सॉन्ग
जब पाकिस्तान का राष्ट्रगान बजाने का समय आया तो डीजे से गलती हो गई, क्योंकि टेशर और जेसन डेरुलो का बेहद लोकप्रिय गाना ‘जलेबी बेबी’ दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में गूंजने लगा. यह गाना लगभग छह सेकंड तक कार्यक्रम स्थल पर गूंजता रहा और उसके बाद ही पाकिस्तान का राष्ट्रगान फिर से बजाया गया. इस पर सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और अब ‘जलेबी बेबी’ के कलाकार टेशर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तानी टीम का मजाक उड़ाया है. टेशर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, ‘एंथम को बिगाड़ने और मेरे लिए इसे बेहद मजेदार दिन बनाने के लिए साउंड मैन को सलाम. दुर्घटनाएं हममें से सबसे अच्छे लोगों के साथ भी होती हैं, भगवान आपका भला करे, चाहे आप जो भी हों.’
टेशर ने शेयर की कई स्टोरीज
इतना ही नहीं, टेशर ने इस घटना का मजाक उड़ाते हुए कई अन्य इंस्टाग्राम स्टोरीज भी शेयर कीं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसका कैप्शन था, ‘जलेबी बेबी हमेशा से ही सही एंथम रहा है.’ इस छोटे से क्लिप में वह जोर से हंसते हुए कहते हैं, ‘जब मैंने कहा था कि जलेबी बेबी एक एंथम है, तो मेरे दिमाग में यह नहीं था.’ सोशल मीडिया पर इस घटना पर मजे लेने वाले टेशर अकेले शख्स नहीं हैं. इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई मीम्स वायरल हो रहे हैं. पाकिस्तान को सोशल मीडिया पर खूब चिढ़ाया जा रहा है.

भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने 16 ओवर में 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. सूर्यकुमार ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 47 रन बनाए और पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वोच्च टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर बनाया. इससे पहले, कुलदीप यादव ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को 20 ओवरों में 127/9 पर रोक दिया. अक्षर पटेल ने भी दो विकेट लिए और भारत ने पूरी तरह से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. कुलदीप ने लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता, इससे पहले उन्होंने यूएई के खिलाफ भी यह पुरस्कार जीता था. भारत का अगला मुकाबला ओमान से होगा जबकि पाकिस्तान बुधवार को यूएई से भिड़ेगा. सूर्यकुमार यादव की टीम अगला मैच शुक्रवार, 19 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेलेगी.
ये भी पढ़ें-
मोहम्मद सिराज को मिला ICC का बड़ा अवार्ड, इंग्लैंड में दमदार प्रदर्शन के दम पर जीता खिताब
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




