ePaper

IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड के 'बैजबॉल' की उड़ाई धज्जियां, पूर्व कप्तानों ने की तीखी आलोचना

Updated at : 19 Feb 2024 3:20 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड के 'बैजबॉल' की उड़ाई धज्जियां, पूर्व कप्तानों ने की तीखी आलोचना

India vs England

IND vs ENG: भारत ने रविवार को इंग्लैंड को राजकोट में 434 रनों से रौंद दिया. इसके बाद इंग्लैंड के बैजबॉल क्रिकेट की काफी आलोचना हो रही है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तानों ने भी इसे पूरी तरह फेल बताया है.

विज्ञापन

IND vs ENG: इंग्लैंड के पूर्व कप्तानों नासिर हुसैन और माइकल वान ने भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में ‘बैजबॉल’ (बेहद आक्रामक होकर खेलने की रणनीति) रवैये की आलोचना करते हुए कहा है कि मेहमान टीम को हमेशा आक्रामक होकर खेलने की रणनीति की जगह मैच की स्थिति के अनुसार खेलने की जरूरत है. भारत ने रविवार को राजकोट में तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 434 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. भारत के 557 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 122 रन पर ढेर हो गई. मेजबान टीम पांच मैच की सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है. अंतिम दो टेस्ट रांची और धर्मशाला में खेले जाएंगे.

बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व में सबसे खराब हार
वॉन ने ‘टेलीग्राफ टॉट सीओ डॉट यूके’ पर अपने कॉलम में लिखा, ‘यह बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व में सबसे खराब हार थी और इसने उनकी रणनीति को उजागर किया. वे हर मौके पर आक्रामक नहीं हो सकते, उन्हें अपने लम्हों को चुनना होगा.’ हुसैन भी वॉन से सहमत दिखे. हुसैन ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘बैजबॉल आक्रामक होने के बारे में है लेकिन यह दबाव झेलने के बारे में भी है.’

जायसवाल का शानदार दोहरा शतक
इसके विपरीत अब तक सीरीज में दो दोहरे शतक लगाने वाले भारत के यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल और पदार्पण कर रहे सरफराज खान ने राजकोट में परिपक्व पारियां खेलीं और अपने शॉट खेलने से पहले क्रीज पर समय बिताया. वॉन ने कहा, ‘उन्हें यह देखने की जरूरत है कि तीसरे दिन जायसवाल और शुभमन गिल ने कैसा प्रदर्शन किया. उन्होंने 30 या 40 गेंदों तक दबाव झेला और फिर उन्होंने बाउंड्री लगाना शुरू कर दिया.’

भारत ने की बेहतरीन बल्लेबाजी
उन्होंने कहा, ‘टेस्ट बल्लेबाजी यही है. भारत ने 228.5 ओवर में 875 रन बनाए. कोई भी मुझे यह नहीं कह सकता कि भारत को यहां बल्लेबाजी करते देखना उबाऊ था.’ हैदराबाद में सीरीज का शुरुआती मैच जीतने के बाद से इंग्लैंड के लिए चीजें खराब होती गईं. मेहमान टीम के बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेले जिससे मेजबान टीम को फायदा मिला. वॉन ने कहा, ‘निश्चित रूप से इतनी भारी हार बेन स्टोक्स और उनके खिलाड़ियों के लिए एक चेतावनी है.’

जो रूट का खराब फॉर्म जारी
उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड का मानना है कि सब कुछ सकारात्मक है लेकिन उन्हें बेहतर बल्लेबाजी कैसे करें इस पर बातचीत करने की जरूरत है.’ खराब फॉर्म से जूझ रहे बल्लेबाज जो रूट तीसरे टेस्ट में अपने आउट होने के तरीके को लेकर सुर्खियों में हैं. जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रूट के रिवर्स स्कूप से दूसरी स्लिप में कैच देने के बाद इंग्लैंड की पहली पारी का पतन शुरू हुआ.

बुमराह को चौथे टेस्ट में दिया गया आराम
वॉन ने कहा, ‘जिस तरह से उन्होंने (इंग्लैंड ने) इस सप्ताह खेला उसने भारत को जीत तोहफे में दे दी. जिस तरह से उन्होंने तीसरे दिन बल्लेबाजी की, खासकर जो रूट के शॉट पर मुझे अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ.’ हुसैन, वॉन और एक अन्य पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने रूट के शॉट के समय पर सवाल उठाए क्योंकि इंग्लैंड 221 रन से पीछे था. हुसैन ने कहा, ‘एक चीज जो रूट देखेगा वह शॉट का समय है. (रविचंद्रन) अश्विन वहां नहीं थे, भारत के पास एक गेंदबाज कम था, जडेजा चोट के बाद खेल रहे थे, बुमराह लगातार तीसरा टेस्ट खेल रहे थे और ऐसी चर्चा है कि उन्हें आराम की जरूरत है.’

बुमराह के पहले ओवर में आक्रमण की जरूरत नहीं
उन्होंने कहा, ‘बुमराह को उसके दूसरे या तीसरे स्पैल तक लेकर जाओ और फिर बाद में शॉट खेलो.’ रूट ने पिछले साल एशेज के दौरान इसी तरह का शॉट काफी सफलता के साथ खेला था. कुक ने ‘स्काई क्रिकेट’ पर कहा, ‘जब उन्होंने एजबेस्टन में पहली गेंद पर यह शॉट खेला तो मुझे बिल्कुल भी आपत्ति नहीं हुई क्योंकि सब इस बात पर निर्भर था कि इंग्लैंड उस दिन दबदबा बनाने के लिए कितने रन बनाने वाला था.’ उन्होंने कहा, ‘इसने ड्रेसिंग रूम में सभी को संदेश भेजा कि इंग्लैंड का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने जा रहा है. रूट आज रात अपने कमरे में बैठकर सोचेगा ‘मुझे लगता है कि मैंने वहां गलती की है.’

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola