Asia Cup 2023: सुपर चार में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को नेपाल पर दर्ज करनी होगी बड़ी जीत

Pakistan's and India's players great each others after the Asia Cup cricket match between India and Pakistan was called off due to rain in Pallekele, Sri Lanka on Saturday, Sep. 2. AP/PTI(AP09_02_2023_000316B)
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में शनिवार को खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. बारिश की वजह से केवल भारतीय टीम ही बल्लेबाजी कर पाई और दूसरी पारी नहीं खेली जा सकी. बाद में मैच को रद्द करने का फैसला किया गया और भारत और पाकिस्तान को एक-एक अंक दिये गये.

भारत का सामना सोमवार को नेपाल से होगा जिसमें रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम बड़ी जीत दर्ज करके एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार में अपनी जगह पक्की करने के लिए उतरेगी. पाकिस्तान ग्रुप ए से पहले ही सुपर चार में जगह बना चुका है. उसके दो मैचों में तीन अंक हैं. पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द होने से भारत का एक अंक है.

यदि सोमवार को होने वाला मैच भी बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो भारत दो अंकों के साथ सुपर चार में पहुंच जाएगा लेकिन रोहित शर्मा और उनके साथी निश्चित तौर पर इस तरह से आगे नहीं बढ़ना चाहेंगे. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे, जिन्हें वह टूर्नामेंट में आगे भी जारी रखना चाहेगा.

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने भारत का शीर्ष क्रम थर्राकर एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 66 रन कर दिया था. लेकिन अपने वनडे करियर में पहली बार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन जोड़कर भारत का स्कोर 266 रन तक पहुंचाया.

किशन ने विशेषकर प्रभावशाली बल्लेबाजी की और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चलने के बाद एक छोर संभाले रखा. किशन पांचवें नंबर पर चल पाएंगे या नहीं, इसको लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा था लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार रक्षात्मक और आक्रामक खेल का सुंदर नजारा पेश करके साबित किया कि वह मध्यक्रम में भी सफल हो सकते हैं.

नेपाल का गेंदबाजी आक्रमण पाकिस्तान की तरह मजबूत नहीं है और ऐसे में किशन आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करके अपने नाम के आगे कुछ रन जोड़ना चाहेंगे. इसी तरह से पंड्या की अर्धशतकीय पारी से टीम प्रबंधन खुश होगा. उन्होंने पहले किशन के सहयोगी की भूमिका बखूबी निभाई और बाद में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की.

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के सामने भारत के चोटी के चार बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर नहीं चल पाए और टीम प्रबंधन चाहेगा कि यह चारों बल्लेबाज जल्द से जल्द खुद को वनडे क्रिकेट के अनुकूल ढाल दें. रोहित और कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में विश्राम दिया गया था जबकि अय्यर चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं. इन तीनों बल्लेबाजों के पास नेपाल के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने का मौका होगा.

भारत को हालांकि यह निराशा होगी उसके गेंदबाजों को पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने अपना कौशल दिखाने का मौका नहीं मिला. टीम प्रबंधन यह देखने के लिए बेताब होगा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 10 ओवर करने और 50 ओवर तक क्षेत्ररक्षण करने में किस हद तक सक्षम हैं.

टीम इस प्रकार हैं
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, इशान किशन, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (रिजर्व).
नेपाल : रोहित पौडेल (कप्तान), कुशल भुर्टेल, आसिफ शेख, भीम शर्की, कुशल मल्ला, आरिफ शेख, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, संदीप लामिछाने, ललित राजबंशी, प्रतीश जीसी, मौसम ढकाल, संदीप जोरा , किशोर महतो, अर्जुन साउद.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




