ePaper

IPL :मुंबई ने शीर्ष दो में रहने की केकेआर की उम्मीदों को तोड़ा

Updated at : 13 May 2017 8:26 PM (IST)
विज्ञापन
IPL :मुंबई ने शीर्ष दो में रहने की केकेआर की उम्मीदों को तोड़ा

कोलकाता : अंबाती रायुडू और सौरभ तिवारी के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के अपने अंतिम लीग मैच में शनिवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को नौ रन से हरा कर लगातार दो हार के क्रम को तोड़ते हुए अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान तय […]

विज्ञापन

कोलकाता : अंबाती रायुडू और सौरभ तिवारी के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के अपने अंतिम लीग मैच में शनिवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को नौ रन से हरा कर लगातार दो हार के क्रम को तोड़ते हुए अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान तय किया. प्लेआॅफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी दो टीमों के इस मुकाबले में मुंबई के 174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम हार्दिक पंड्या (22 रन पर दो विकेट), आर विनय कुमार (31 रन पर दो विकेट) और टिम साउथी (39 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 164 रन ही बना सकी. केकेआर का कोई बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदला पाया. टीम की ओर से मनीष पांडे ने सर्वाधिक 33, जबकि कोलिन डि ग्रैंडहोम ने 29 रन बनाये. क्रिस लिन ने 26 रन की पारी खेली.

मुंबई ने रायुडू (63) और तिवारी (52) के अर्धशतकों और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 61 रन की साझेदारी की मदद से पांच विकेट पर 173 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. इस जीत से मुंबई की टीम 14 मैचों में 20 अंक के साथ शीर्ष पर रही और 16 मई को पहले क्वालीफायर में खेलेगी. केकेआर के 14 मैचों में 16 अंक रहे और टीम 17 मई को एलिमिनेटर में हिस्सा लेगी.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ओवर में ही सुनील नारायण का विकेट गंवा दिया जो खाता भी नहीं खोल पाये. नारायण ने साउथी की गेंद पर हार्दिक पंड्या को कैच थमाया. कप्तान गौतम गंभीर (21) ने मिशेल जानसन पर दो चौकों के साथ शुरुआत की, जबकि क्रिस लिन (26) ने साउथी की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ खाता खोला. गंभीर ने जाॅनसन पर छक्का भी मारा, लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद को पुल करने की कोशिश में शार्ट फाइन लेग पर कर्ण शर्मा को कैच दे बैठे.

कर्ण ने इसके बाद रोबिन उथप्पा (02) को रोहित के हाथों कैच कराया, जबकि लिन भी विनय कुमार की दूसरी ही गेंद को स्थानापन्न खिलाड़ी जगदीश सुचित के हाथों में खेल गये. यूसुफ पठान (20) ने इसके बाद आक्रामक रवैया अपनाया. पठान ने विनय कुमार पर छक्के से खाता खोलने के बाद लेग स्पिनर कर्ण पर लगातार दो छक्के मारे, लेकिन विनय कुमार की गेंद पर लांग आॅन पर हार्दिक को कैच दे बैठे.

कोलिन डि ग्रैंडहोम (29) ने विनय कुमार पर लगातार दो चौकों के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. पांडे हालांकि 22 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब जाॅनसन की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर रायुडू के दस्तानों में चली गयी, लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया. नाइट राइडर्स को अंतिम सात ओवर में जीत के लिए 48 रन की दरकार थी. हार्दिक ने डि ग्रैंडहोम को बोल्ड करके मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ायी. इस बीच तीन ओवर में सिर्फ नौ रन बने.

साउथी के 17वें ओवर में सुचित ने डीप मिडविकेट पर पांडे का कैच छोड़ा. इस ओवर में पांडे और कुलदीप ने चौके मारे. केकेआर को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 25 रन की जरूरत थी. हार्दिक ने इस बार पांडे को पवेलियन भेजकर मुंबई को वापसी दिलायी. उनका कैच सुचित ने लपका. साउथी ने कुलदीप यादव (16) को विकेटकीपर रायुडू के हाथों कैच कराया. हार्दिक के अंतिम ओवर में केकेआर को 14 रन चाहिए थे, लेकिन इस ओवर में सिर्फ चार रन बने.
इससे पहले रायुडू और मौजूदा सत्र में पहला मैच खेल रहे तिवारी ने टीम को धीमी शुरुआत से उबारा. रायुडू ने 37 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और छह चौके मारे, जबकि तिवारी ने 43 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे. टाॅस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लेंडल सिमंस लय में नहीं दिखे और पांच गेंद खेलने के बाद बिना कोई रन बनाये ट्रेंट बोल्ट (30 रन पर दो विकेट) की गेंद पर मिड आॅफ पर नारायण को आसान कैच दे बैठे.

सलामी बल्लेबाज तिवारी और कप्तान रोहित शर्मा (27) ने इसके बाद पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 51 रन तक पहुंचाया. तिवारी ने कोलिन डि ग्रैंडहोम पर दो चौके मारे जबकि उमेश यादव पर चौका और छक्का जड़ा. रोहित हालांकि अंकित राजपूत (14 रन पर एक विकेट) की सीधी गेंद को चूककर पगबाधा आउट हुए जिससे दूसरे विकेट की 57 रन की साझेदारी का अंत हुआ. तिवारी और रायुडू ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ने 14वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाया. तिवारी ने नारायण पर लगातार दो चौकों के साथ 42 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. रायुडू ने उमेश की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा, लेकिन ओवर की अंतिम गेंद पर तिवारी रन आउट हो गए. रायुडू ने बोल्ट की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

इसी ओवर में कीरोन पोलार्ड (13) ने भी छक्का मारा. रायुडू ने कुलदीप (25 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर भी चौका और छक्का मारा, लेकिन अगली गेंद पर रोबिन उथप्पा के हाथों स्टंप हो गये. पारी के अंतिम ओवर में बोल्ट (30 रन पर दो विकेट) ने पोलार्ड को भी यूसुफ पठान के हाथों कैच कराया जबकि ओवर में सिर्फ पांच रन बने. शीर्ष दो में पहले ही जगह सुनिश्चित कर चुकी मुंबई ने इस मैच के लिए लसिथ मलिंगा, नितीश राणा, पार्थिव पटेल, मिशेल मैकलेनाघन, जसप्रीत बुमराह और हरभजन सिंह को आराम दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola