IND vs WI day 3 : भारत के लंच तक छह विकेट पर 425 रन, 229 रन की बढ़त, IND 425/6 (151.4 Ovs)

Updated at : 01 Aug 2016 8:05 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs WI day 3 : भारत के लंच तक छह विकेट पर 425 रन, 229 रन की बढ़त, IND 425/6 (151.4 Ovs)

किंगस्टन : भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक छह विकेट पर 425 रन बनाए. अजिंक्य रहाणे 74 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि रिद्धिमान साहा 47 रन बनाकर आउट हुए. भारत की बढ़त 229 रन की हो चुकी है. भारतीय बल्लेबाजों ने कल की तुलना में आज कुछ […]

विज्ञापन

किंगस्टन : भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक छह विकेट पर 425 रन बनाए. अजिंक्य रहाणे 74 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि रिद्धिमान साहा 47 रन बनाकर आउट हुए. भारत की बढ़त 229 रन की हो चुकी है.

भारतीय बल्लेबाजों ने कल की तुलना में आज कुछ बेहतर बल्लेबाजी की और पहले घंटे में 13 ओवर में 34 रन जुटाए. साहा ने लेग स्पिनर देवेंद्र बिशू पर चौके के साथ 141वें ओवर में भारत का स्कोर 400 रन के पार पहुंचाया. होल्डर की अगुआई में हालांकि गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिये. होल्डर ने विशेष रुप से रहाणे को काफी परेशान किया.

रहाणे की बल्लेबाजी में इसका असर भी दिखा. उन्होंने बिशू की गेंद पर खराब शाट खेला लेकिन प्वाइंट पर राजेंद्र चंद्रिका कैच लपकने में नाकाम रहे. रहाणे ने हालांकि होल्डर के अगले ओवर में दो चौकों के साथ जोरदार वापसी की। उन्होंने पहले प्वाइंट के उपर से चौका जड़ा और फिर स्ट्रेट ड्राइव से चार रन बटोरे. साहा ने भी बिशू पर मिड आफ के उपर से चौका मारा.

साहा हालांकि लंच के पहले के अंतिम ओवर में होल्डर की नीची रहती गेंद पर पगबाधा आउट हो गए जो वेस्टइंडीज के कप्तान का श्रृंखला में पहला विकेट है. साहा ने 116 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे.

दूसरे दिन के पांच विकेट पर 358 रन से आज भारत ने खेलना शुरू किया. खेल के तीसरे दिन आज रहाणे ने शानदार बल्‍लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है. रहाणे ने अपना अर्धशतक 93 गेंद पर 8 चौकों और एक छक्‍के की मदद से पूरा किया. रहाणे का यह चौथा टेस्‍ट अर्धशतक है.

राहुल ने 158 रन बनाये जिससे भारत अब तक 162 रन की बढ़त हासिल कर चुका है. दूसरे दिन हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने काफी धीमी बल्लेबाजी की और 88 ओवरों में उन्होंने केवल 232 रन बनाये.

दिन का खेल समाप्त होने के समय अजिंक्य रहाणे 42 और विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्विमान साहा 17 रन पर खेल रहे थे. अब जबकि इस मैच में तीन दिन का समय बचा है तब भारत के पास कमजोर कैरेबियाई टीम के खिलाफ एक और जोरदार जीत दर्ज करने का सुनहरा मौका है. राहुल निश्चित तौर पर दिन के नायक रहे और उन्होंने विदेशी सरजमीं पर अपना तीसरा शतक जमाया. अपनी पारी में उन्होंने 15 चौके और तीन गगनदायी छक्के लगाये.

इनमें से पहले छक्के से उन्होंने अपना शतक पूरा किया. यह एक बेजोड पारी थी जिसमें उन्होंने 303 गेंदों का सामना किया. उन्होंने चेतेश्वर पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिये 121 रन की साझेदारी की. पुजारा ने बेहद धीमी बल्लेबाजी की और 159 गेंदों 46 रन बनाये जिसमें चार चौके शामिल हैं. राहुल ने कप्तान विराट कोहली के साथ भी 69 रन जोड़े जिन्होंने 90 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली.

कोहली ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया. राहुल को जब शैनोन गैब्रियल (50 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट दिया गया तब तक वह भारत को बेहतर स्थिति में पहुंचा चुके थे. बेहतरीन फार्म में चल रहे कोहली तब आउट हुए जबकि लग रहा था कि वह स्पिनरों पर हावी होने लगे हैं. उन्होंने देवेंद्र बिशू (79 रन देकर एक विकेट) पर एक छक्का और दो चौके लगाये.

वह स्पिनर रोस्टन चेज (91 रन देकर दो विकेट) थे जिनकी आफ ब्रेक पर कोहली ने फारवर्ड शार्ट लेग पर खडे राजेंद्र चंद्रिका को आसान कैच थमाया. रविचंद्रन अश्विन को फिर से छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजा गया लेकिन वह तीन रन बनाकर बिशू की गेंद पर पगबाधा आउट हुए. रहाणे और साहा ने दिन के आखिरी 12.5 ओवर में कोई विकेट नहीं गिरने दिया और इस बीच 31 रन जोड़े.

इससे पहले अपना छठा टेस्ट मैच खेल रहे राहुल वेस्टइंडीज में अपनी पहली पारी में भारत की ओर से सर्वोच्च स्कोर खड़ा करने में सफल रहे. वह कैरेबियाई सरजमीं पर अपनी पहली पारी में शतक जड़ने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज हैं लेकिन वह पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज हैं जिन्होंने यह कारनामा किया है. मेजबान टीम को एक बार फिर गेंदबाजों ने निराश किया जो सुबह के सत्र में 26 ओवर में एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए.

भारतीय बल्लेबाजों ने भी हालांकि धीमी बल्लेबाजी करते हुए 59 रन ही जुटाए. दूसरे सत्र में भी वेस्टइंडीज को पुजारा के रन आउट होने से सिर्फ एक सफलता मिली लेकिन भारतीय टीम भी इस दौरान 28 ओवर में 74 रन ही जुटा सकी. इस तरह भारत ने दो सत्र में 54 ओवर में एक विकेट खोकर सिर्फ 133 रन बनाए.

इससे पहले भारत ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 126 रन से की. पुजारा दिन के तीसरे ओवर में ही भाग्यशाली रहे जब गैब्रियल की गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया लेकिन दूसरी स्लिप में खड़े मार्लन सैमुअल्स के पास तक नहीं पहुंची.

भारतीय टीम पहले घंटे में 13 ओवर में 22 रन ही जुटा सकी लेकिन इस दौरान मेहमान टीम ने एक भी विकेट नहीं गंवाया. वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने पारी के 48वें ओवर में आफ स्पिनर रोस्टन चेज को जब दिन में पहली बार गेंदबाजी के लिए बुलाया तो राहुल ने डीप स्क्वायर लेग पर बल्ले से दिन का पहला चौका जड़ा.

राहुल ने इसके बाद चेज की गेंद को लांग आन पर छह रन के लिए भेजकर 182 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से अपना तीसरा शतक पूरा किया. इससे पहले वेस्टइंडीज में अपनी पहली पारी में किसी भारतीय सलामी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर अजय जडेजा के नाम था जिन्होंने 1996 में 97 रन की पारी खेली थी.

राहुल ने चाय के बाद लेग स्पिनर बिशू पर एक रन के साथ 67वें ओवर में पुजारा के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की. दायें हाथ के इस बल्लेबाज ने इसी ओवर में कवर्स के उपर से अपना दूसरा छक्का जड़ा और अपना निजी स्कोर 114 रन तक पहुंचाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 110 रन (सिडनी में जनवरी 2015 में) के अपने सर्वोच्च टेस्ट स्कोर को पीछे छोड़ा.

पुजारा हालांकि 46 रन बनाने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर की गेंद को स्क्वायर लेग पर खेलकर तेजी से एक रन के लिए दौड़े लेकिन चेज के सटीक निशाने से रन आउट हो गए. राहुल और कोहली ने इसके बाद पारी को आगे बढाया. राहुल को पैर की मांसपेशियों में जकड़न के कारण परेशानी हो रही थी. उन्होंने होल्डर पर चौका जड़ा लेकिन इसके बाद फिजियो को मैदान पर उनके उपचार के लिए उतरना पड़ा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola