किंग्‍स पर सुपकिंग्‍स की शानदार जीत, सात विकेट से हराया प्लेआफ में

Updated at : 16 May 2015 11:31 AM (IST)
विज्ञापन
किंग्‍स पर सुपकिंग्‍स की शानदार जीत, सात विकेट से हराया प्लेआफ में

मोहाली :गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद फाफ डु प्लेसिस के अर्धशतक के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आज किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से हराकर शीर्ष टीम के रूप में आइपीएल प्लेआफ में जगह बना ली. चेन्नई के गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आये पंजाब के बल्लेबाज सात विकेट पर सिर्फ 130 […]

विज्ञापन

मोहाली :गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद फाफ डु प्लेसिस के अर्धशतक के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आज किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से हराकर शीर्ष टीम के रूप में आइपीएल प्लेआफ में जगह बना ली. चेन्नई के गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आये पंजाब के बल्लेबाज सात विकेट पर सिर्फ 130 रन ही बना सके. जवाब में चेन्नई ने जीत का लक्ष्य 16.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया.

डु प्लेसिस ने 41 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 55 रन बनाये जबकि सुरेश रैना ने 34 गेंद में चार चौकों की मदद से नाबाद 41 रन जोडे. आखिरी लीग मैच में मिली जीत के बाद चेन्नई के 14 मैचों में नौ जीत के बाद कुल 18 अंक रहे. आरसीबी और केकेआर के 13 मैचों में 15 अंक है जबकि सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रायल्स के 13 मैचों में 14 अंक हैं. पिछली उपविजेता पंजाब ने 14 मैचों में छह अंक के साथ टूर्नामेंट से विदा ली.

इससे पहले अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट पर 130 रन पर रोक दिया हालांकि अक्षर पटेल ने आखिरी ओवरों में आक्रामक पारी खेलकर मेजबान टीम को कम स्कोर पर सिमटने से बचाया. प्रतिष्ठा के लिये खेल रही पंजाब के छह विकेट 14वें ओवर में 78 रन पर गिर चुके थे लेकिन पटेल ने सातवें विकेट के लिये ऋषि धवन के साथ 44 रन जोडकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

पटेल ने 29 गेंद में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाये जबकि धवन 20 गेंद में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद रहे. शीर्ष पर काबिज चेन्नई के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. पवन नेगी ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिये जबकि अनुभवी स्पिनर आर अश्विन ने चार ओवर में सिर्फ 14 रन दिये और एक विकेट चटकाया. अंकतालिका में सबसे नीचे काबिज पंजाब के कप्तान जार्ज बेली ने टास जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी.

सलामी बल्लेबाज रिधिमान साहा ने पवन नेगी को चौका और ईश्वर पांडे को अगले ओवर में छक्का जडा लेकिन तीसरे ओवर में नेगी को अपना विकेट गंवा बैठे. उनका कैच कवर में ब्रेंडन मैकुलम ने लपका. उस समय पंजाब का स्कोर 16 रन था. पांचवें ओवर में पंजाब को सबसे करारा झटका लगा जब कप्तान बेली ने आशीष नेहरा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमा दिया. उस समय स्कोर 31 रन था. इसमें चार रन जुडे थे कि मनन वोहरा भी अपना विकेट गंवा बैठे.

अगले ओवर में पांडे की पहली ही गेंद पर वोहरा ने थर्डमैन में खडे नेहरा को कैच पकडाया. गुरकीरत सिंह हाथ खोलते नजर आ रहे थे कि अश्विन ने चतुराई से उन्हें रवाना किया. नौवें ओवर में अश्विन को चौका जडने के बाद अगली गेंद पर भी बढकर खेलने के प्रयास में वह चूके और धोनी ने चतुराई से गिल्लियां उडा दी. पंजाब के चार विकेट 53 रन पर गिर चुके थे और दसवें ओवर में रविंद्र जडेजा ने ग्लेन मैक्सवेल को बोल्ड करके आधी टीम को 55 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया.

आइपीएल के पिछले सत्र के हीरो डेविड मिलर को नेगी ने दूसरा शिकार बनाया. मिलर ने हवा में शाट खेला और जडेजा ने डीप मिडविकेट से भागते हुए उनका शानदार कैच लपका. इसके बाद पटेल और धवन ने कुछ देर टिककर खेलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. पटेल खास तौर पर काफी आक्रामक दिख रहे थे और 19वें ओवर में उन्होंने और धवन ने डेरेन ब्रावो को दो छक्के लगाये. इसी ओवर की आखिरी गेंद पर हालांकि पटेल विकेट के पीछे धोनी को कैच थमाकर पवेलियन लौट गये.

चेन्नई की शुरुआत काफी खराब रही और उसके दो विकेट सिर्फ 10 रन पर गिर गये थे. माइक हस्सी (1) और ब्रेंडन मैकुलम (6) सस्ते में आउट हो गए. डु प्लेसिस और रैना ने अच्छी गति से रन बनाये. दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज को ऋषि धवन ने आउट किये लेकिन तब तक मैच का परिणाम तय लगने लगा था. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 16 गेंद में 25 रन बनाकर औपचारिकता पूरी कर दी. शीर्ष पर रहने के मायने है कि चेन्नई पहला क्वालीफायर खेलेगी और हारने पर भी उसके पास तीसरे और चौथे नंबर की टीमों के बीच होने वाले एलिमिनेटर के जरिये फाइनल में जगह बनाने का एक और मौका रहेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola