पूर्व पाक क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को बताया "सर्कस", हुए ट्रोल

Updated:
विज्ञापन
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया (एक्स)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया (एक्स)

Danish Kaneria NEET Protest Controversy: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन को 'सर्कस' बताया, जिससे वे भारी आलोचनाओं में घिर गए हैं. जंतर-मंतर पर छात्र निष्पक्षता की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Danish Kaneria NEET Protest Controversy: नीट परीक्षा पेपर लीक 2026 मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है, जहां छात्र परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इसी बीच, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने सोशल मीडिया पर छात्रों के इस प्रदर्शन को "सर्कस" और "तमाशा" करार दिया, जिसके कारण उन्हें भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, दूसरी ओर सरकार की तरफ से छात्रों के साथ बातचीत कर इस विवाद का समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं.

जंतर-मंतर पर करीब एक महीने से प्रदर्शन

नीट विवाद को लेकर बड़ी संख्या में छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटे हुए हैं. प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई को “सांसद मार्च” निकालने का ऐलान किया था. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी और आरोप लगे कि पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया. छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठा रहे हैं और सरकार से परीक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

दानिश कनेरिया ने एक्स पर लिखी पोस्ट

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत में होने वाले विरोध प्रदर्शनों को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने लिखा कि उन्हें परेशानी होती है क्योंकि भारत में कई विरोध प्रदर्शनों का तरीका उन्हें एक जैसा दिखाई देता है. कनेरिया ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि कई आंदोलनों में भगवान राम, भारत माता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी दिवंगत मां, ब्राह्मणों और हिंदुत्व को लेकर आपत्तिजनक नारे लगाए जाते हैं. उन्होंने आगे लिखा कि कई बार विरोध प्रदर्शनों में “चर्चा और समाधान” की जगह केवल नारेबाजी और अफरातफरी दिखाई देती है. उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भारत में दूसरे देशों जैसी राजनीतिक परिस्थितियां पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.

छात्रों के मुद्दे पर टिप्पणी से नाराज हुए लोग

दानिश कनेरिया की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कई भारतीय यूजर्स ने उनकी आलोचना शुरू कर दी. लोगों का कहना है कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर छात्रों की चिंताओं को समझने के बजाय उन्होंने प्रदर्शन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की. कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों की मांगों पर चर्चा होनी चाहिए, न कि पूरे आंदोलन को गलत ठहराया जाना चाहिए.

कनेरिया पहले भी रहे हैं विवादों में

दानिश कनेरिया पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व लेग स्पिनर रहे हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में शामिल हैं. हालांकि, इंग्लैंड काउंटी क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग मामले में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें बैन झेलना पड़ा था. कनेरिया अपने बयानों और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं. इस बार NEET प्रदर्शन को लेकर उनकी टिप्पणी ने भारत में राजनीतिक और सामाजिक बहस को और तेज कर दिया है.

दानिश कनेरिया का शानदार करियर और विवाद

पाकिस्तान की इंटरनेशनल क्रिकेट टीम के लिए अब तक सिर्फ दो हिंदू खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला है, जिनमें से एक दानिश कनेरिया हैं. कनेरिया ने 2000 से 2010 के बीच पाकिस्तान टीम का हिस्सा रहते हुए 61 टेस्ट मैचों में 261 विकेट हासिल किए. हालांकि, 2012 में स्पॉट फिक्सिंग मामले में दोषी पाए जाने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था. 2018 में एक इंटरव्यू में कनेरिया ने स्पॉट फिक्सिंग में अपनी भूमिका स्वीकार की थी.

इसे भी पढ़े- क्या अमेरिका में रोके गए थे अर्जेंटीना फुटबॉल अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया? जानें वायरल खबरों का सच


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola