ePaper

टेस्ट से पहले भारत की निगाहें टी20 श्रृंखला जीतने पर

Updated at : 21 Sep 2019 3:00 PM (IST)
विज्ञापन
टेस्ट से पहले भारत की निगाहें टी20 श्रृंखला जीतने पर

बेंगलुरू : कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम रविवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को पस्त कर श्रृंखला 2-0 से जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. धर्मशाला में पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और दूसरे मैच में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन […]

विज्ञापन
बेंगलुरू : कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम रविवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को पस्त कर श्रृंखला 2-0 से जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. धर्मशाला में पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और दूसरे मैच में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन व कोहली की बेहतरीन पारी से भारत ने सात विकेट से जीत हासिल कर 1-0 से बढ़त बनायी. लेकिन टेस्ट श्रृंखला से पहले टीम का ध्यान फिर वैसा ही शानदार प्रदर्शन करने पर है . कोहली के चिर परिचित उत्साही और प्रेरणादायी बातों ने ऋषभ पंत को लेकर चल रही चर्चाओं को बंद कर दिया जो पिछले मैच में कुछ नहीं कर सके और बल्लेबाजी में उनका जूझना जारी है लेकिन उनके प्रदर्शन पर निगाहें लगी होंगी.
दक्षिण अफ्रीका की टीम में काफी नये खिलाड़ी मौजूद हैं जो पिछले मैच में घरेलू टीम के खिलाड़ियों को रोकने में असमर्थ रहे. मोहाली में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के पास कोहली की बल्लेबाजी का भी कोई जवाब नहीं था और अब यह अंतिम मैच ऐसे मैदान पर हो रहा है जिससे भारतीय कप्तान भली भांति वाकिफ हैं और वह यहां एक और बेहतरीन पारी खेलना चाहेंगे. कोहली से पहले उप कप्तान रोहित शर्मा और शिखर धवन को कागिसो रबाडा की अगुआई वाले तेज गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना होगा और ये दोनों सलामी बल्लेबाज मैदान के आकार का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे.
रोहित मोहाली में शुरूआत का फायदा नहीं उठा सके तो वह इस मौके को हाथ से निकलने नहीं देना चाहेंगे. पंत भी अपने आलोचकों को चुप करने की उम्मीद लगाये होंगे जबकि मध्यक्रम में भारत के पास प्रतिभाशाली श्रेयस अय्यर के बाद हार्दिक पंड्या और रविंद्र जडेजा मौजूद हैं. भारतीय टीम प्रबंधन हालांकि इस बात से संतुष्ट है कि तेज गेंदबाज जैसे दीपक चाहर और नवदीप सैनी ने नियमित जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार की अनुपस्थिति में अच्छा प्रदर्शन किया.
इन्हें भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वर्षों का अनुभव नहीं हो लेकिन वाशिंगटन सुंदर, चाहर और सैनी ने दिखा दिया कि वे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को चुनौती दे सकते हैं. दक्षिण अफ्रीका के नये कप्तान क्विंटन डि कॉक को फिर से बल्ले से जिम्मेदारी उठानी होगी और वे डेविड मिलर और रीजा हेंड्रिक्स से सहयोग की उम्मीद लगाये होंगे. टीमें इस प्रकार हैं :
भारत :
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, कृणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, राहुल चाहर, खलील अहमद, दीपक चाहर, नवदीप सैनी.
दक्षिण अफ्रीका :
क्विंटन डी कॉक (कप्तान), रासी वान डर दुसेन (उप-कप्तान), टेम्बा बावुमा, जूनियर डाला, ब्योर्न फोर्टुइन, बेयुरान हेंड्रिक्स, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, एनरिक नाट्र्जे, एंडिले फेलुकवायो, ड्वेन प्रीटोरियस, कागिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, जॉन-जॉन स्मट्स. मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola