ePaper

''टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित के नाम पर होगा विचार''

Updated at : 10 Sep 2019 2:46 PM (IST)
विज्ञापन
''टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित के नाम पर  होगा विचार''

नयी दिल्ली : टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा के नाम पर विचार होगा. ऐसे संकेत चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने दिये हैं. उन्होंने ऐसे संकेत दिये हैं कि रोहित शर्मा को भारत की टेस्ट एकादश में सलामी बल्लेबाज के रूप में मौका मिल सकता है जबकि लोकेश राहुल की फार्म […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा के नाम पर विचार होगा. ऐसे संकेत चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने दिये हैं. उन्होंने ऐसे संकेत दिये हैं कि रोहित शर्मा को भारत की टेस्ट एकादश में सलामी बल्लेबाज के रूप में मौका मिल सकता है जबकि लोकेश राहुल की फार्म चिंता का विषय बनी हुई है.

भारत की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम के उप कप्तान रोहित पिछले कुछ समय से शानदार फार्म में चल रहे हैं लेकिन इसके बावजूद टीम में शामिल होने पर भी उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की श्रृंखला में खेलने का मौका नहीं मिला. रोहित टेस्ट टीम में आम तौर पर मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ अजिंक्य रहाणे और हनुमा विहारी की सफलता के बाद संभावना है कि उन्हें टीम में सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारा जा सकता है जिस भूमिका में वह छोटे प्रारूप में सफल रहे हैं.

प्रसाद ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा कि चयन समिति के रूप में हमने वेस्टइंडीज दौरे के बाद मुलाकात नहीं की है. जब हम सब बैठक करेंगे तो निश्चित तौर पर इस पर (सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित को उतारना) विचार करेंगे और चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि लोकेश राहुल बेहद प्रतिभावान है. बेशक टेस्ट क्रिकेट में वह मुश्किल दौर से गुजर रहा है. निश्चित तौर पर हम उसकी फार्म को लेकर चिंतित हैं. उसे विकेट पर अधिक समय बिताना होगा और अपनी फार्म दोबारा हासिल करनी होगी.

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट शृंखला में राहुल 13, 06, 44 और 38 रन की पारियां ही खेल पाये. कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को वेस्टइंडीज दौरे और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू शृंखला के लिए भी टी-20 टीम में जगह नहीं मिलने पर प्रसाद ने कहा कि ये दोनों अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए उनकी योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 सितंबर से धर्मशाला में शुरू हो रही तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला के लिए राहुल चाहर और वाशिंगटन सुंदर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. ये दोनों स्पिनर पिछले महीने कैरेबियाई दौरे पर भी गये थे.

प्रसाद ने कहा कि हम टी-20 विश्व कप को देखते हुए स्पिन गेंदबाजी विभाग में विविधता लाने के लिए युवाओं को आजमा रहे हैं. पिछले दो साल में चहल और कुलदीप ने छोटे प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया है. निश्चित तौर पर वे अब दौड़ में आगे हैं. बात सिर्फ इतनी सी है कि हम अब कुछ और विकल्पों को आजमा रहे हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola