World Cup 2019: श्रीलंका के खिलाफ अपने अभियान को गति देने उतरेगी टीम ऑस्ट्रेलिया

लंदन : अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत दर्ज करने वाला मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन करने में नाकाम रहे श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले विश्व कप मैच में सेमीफाइनल में पहुंचने के अपने अभियान को गति देने की कोशिश करेगा. ऑस्ट्रेलिया ने अब तक अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज […]
लंदन : अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत दर्ज करने वाला मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन करने में नाकाम रहे श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले विश्व कप मैच में सेमीफाइनल में पहुंचने के अपने अभियान को गति देने की कोशिश करेगा. ऑस्ट्रेलिया ने अब तक अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान को हराया है लेकिन इस बीच उसे भारत से हार का सामना भी करना पड़ा.
अब उसका सामना उस श्रीलंका से है जिसने न्यूजीलैंड से करारी शिकस्त झेलने के बाद अफगानिस्तान पर संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करके वापसी की लेकिन इसके बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ उसके मैच बारिश की भेंट चढ़ गये. बारिश ने अभी तक विश्व कप में कहर बरपाया और चार मैचों का इस वजह से परिणाम नहीं निकल पाया है. ऑस्ट्रेलिया के लिये अच्छी खबर यह है कि ओवल में बारिश की बहुत अधिक संभावना नहीं जतायी गयी है और उसका मैच पर बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा. बादल छाये रहने की संभावना है जिसके कारण बल्लेबाजी के लिये अनुकूल पिच पर तेज गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है.
ऑस्ट्रेलिया टीम में लेग स्पिनर एडम जंपा या आफ स्पिनर नाथन लियोन को अंतिम एकादश में रख सकता है और ऐसे में केन रिचर्डसन या नाथन कूल्टर नाइल में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ेगा. श्रीलंका के अब तक चार मैच हो चुके हैं जिनमें से उसे केवल दो में खेलने का मौका मिला जिनमें वह खास असर नहीं छोड़ पाया. उसके पास अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके खुद को साबित करने का मौका है. बल्लेबाजी उसके लिये चिंता का विषय बनी हुई है और ऐसे में मिशेल स्टार्क एंड कंपनी के सामने उसके बललेबाजों की कड़ी परीक्षा होगी.
श्रीलंका की तरफ से अब कप्तान दिमुथ करूणारत्ने और कुसाल परेरा ही कुछ योगदान दे पाये हैं लेकिन अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे हैं. श्रीलंका को अगर बेहतर परिणाम हासिल करना है तो अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज और आलराउंडर तिसारा परेरा सहित अन्य बल्लेबाजों को भी लंबी पारियां खेलनी होगी. इन दोनों टीमों के बीच मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है. दोनों टीमों के बीच जो 96 वनडे खेले गये हैं उनमें से 60 आस्ट्रेलिया ने और 32 श्रीलंका ने जीते हैं. विश्व कप में दोनों टीमें अब तक नौ बार आमने सामने हुई हैं जिनमें से सात मैच आस्ट्रेलिया ने जीते है। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को एकमात्र मैच में पराजित किया है लेकिन वह 1996 का विश्व कप फाइनल था. इसके बाद जिन पांच मैच का परिणाम निकला उनमें आस्ट्रेलिया विजयी रहा.
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे से शुरू होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




