बुरे दौर से गुजर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम में हुआ बदलाव, भारत के खिलाफ ये खिलाड़ी नहीं खेलेंगे

Updated at : 08 Nov 2018 12:43 PM (IST)
विज्ञापन
बुरे दौर से गुजर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम में हुआ बदलाव, भारत के खिलाफ ये खिलाड़ी नहीं खेलेंगे

सिडनी :ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखलाओं के लिये तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और स्पिनर नाथन लियोन को विश्राम दिया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी-20 17 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में खेलेगी जबकि विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम के खिलाफ तीन टी-20 मैचों […]

विज्ञापन

सिडनी :ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखलाओं के लिये तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और स्पिनर नाथन लियोन को विश्राम दिया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी-20 17 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में खेलेगी जबकि विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला 21 नवंबर से शुरू होगी. इन दोनों श्रृंखलाओं के लिये ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को अपनी टीम घोषित की.

जिन अन्य खिलाड़ियों को आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए विश्राम दिया गया है उनमें तेज गेंदबाज पीटर सिडल और आलराउंडर मिशेल मार्श भी शामिल हैं जबकि मार्कस स्टोइनिस और जैसन बेहरनडार्फ की टीम में वापसी हुई है. मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ छह दिसंबर से एडिलेड में शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला को ध्यान में रखकर विश्राम दिया गया है.

लैंगर ने कहा, ‘‘हम जानते थे यूएई के दौरे के बाद हमें स्वदेश में लंबे सत्र से गुजरना है तथा इसके बाद विश्व कप और एशेज खेलनी है, इसलिए हमें अपनी टी-20 टीम और आगामी टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के बीच सही संतुलन बनाना है.’ स्टोइनिस और बेहरनडार्फ की वापसी के बारे में लैंगर ने कहा, ‘‘मार्कस हाल में यूएई में टी-20 में नहीं खेल पाया क्योंकि उसने गेंदबाजी करना शुरू नहीं किया था लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट है. जैसन बेहरनडार्फ ने भी पूरी फिटनेस हासिल करने के बाद टीम में जगह बनायी है.’

निलंबित स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की सेवाओं के बिना आस्ट्रेलिया बुरे दौर से गुजर रहा है. वह पाकिस्तान से यूएई में टी-20 श्रृंखला हार गया था और इसके बाद उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पर्थ में खेले गये पहले मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा था.

ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम
आरोन फिंच (कप्तान), एलेक्स केरी, एश्टन एगर, जेसन बेहरनडार्फ, नाथन कूल्टर-नाइल, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मैकडरमाट, डी आर्सी शॉर्ट, बिली स्टैनलेक, मार्कस स्टोइनिस, एंड्रयू टाई, एडम ज़म्पा। भारत की टी20 टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव, खलील अहमद.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola