ePaper

INDvsWI : बेकार गयी कोहली की शतकीय पारी, वेस्टइंडीज ने भारत को 43 रन से हराया

Updated at : 27 Oct 2018 1:11 PM (IST)
विज्ञापन
INDvsWI : बेकार गयी कोहली की शतकीय पारी, वेस्टइंडीज ने भारत को 43 रन से हराया

पुणे : कप्तान विराट कोहली (107) की शतकीय पारी के बाद भी शनिवार को यहां खेले गये तीसरे एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को 43 रन से हराकर शृंखला में 1-1 की बराबर कर ली. इस पारी से कोहली लगातार तीन एकदिवसीय पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय और कुल दसवें खिलाड़ी बन […]

विज्ञापन

पुणे : कप्तान विराट कोहली (107) की शतकीय पारी के बाद भी शनिवार को यहां खेले गये तीसरे एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को 43 रन से हराकर शृंखला में 1-1 की बराबर कर ली.

इस पारी से कोहली लगातार तीन एकदिवसीय पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय और कुल दसवें खिलाड़ी बन गये. उनकी शतकीय पारी के बाद भी वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर पहली बार जीत का स्वाद चखने में सफल रही.

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 283 रन बनाने के बाद भारतीय पारी को 47.4 ओवर में 240 रन पर समेट दिया. भारत ने गुवाहाटी में खेले गये शृंखला के पहले मैच में जीत दर्ज किया था जबकि विशाखापत्तनम में खेला गया दूसरा मैच ड्रॉ रहा था.

यहां के एमसीए अंतरराष्ट्रीय मैदान में खेले गये मैच में वेस्टइंडीज की जीत की राह में कोहली इकलौता रोड़ा थे. जिन्होंने 38वें ओवर में वेस्टइंडीज के कप्तान जासन होल्डर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना 37वां एकदिवसीय शतक पूरा किया. उन्होंने 119 गेंद की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया. जब तक वह क्रीज पर थे भारतीय टीम जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन होल्डर ने कामचलाऊ स्पिनर मर्लन सैमुअल्स (12 रन पर तीन विकेट) को गेंदबाजी करने का जुआ खेला जो सफल रहा.

सैमुअल्स 42वें ओवर में भारतीय कप्तान को बोल्ड कर टीम को जीत की पटरी पर ले आये. वह वेस्टइंडीज के सबसे सफल गेंदबाज रहे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. दूसरे ओवर में ही होल्डर (46 रन पर दो विकेट) ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (08) को बोल्ड कर दिया. इसके बाद शिखर धवन (35) और कोहली ने 81 रन की साझेदारी कर टीम पारी को संवारा लेकिन दोनों की जोड़ी को स्पिनर एशले नर्स (43 रन पर दो विकेट) ने तोड़ा.

उन्होंने धवन को पगबाधा आउट किया. इसके बाद अंबाती रायुडू (22) और ऋषभ पंत (24) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. टी20 टीम से बाहर किये गये पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी से हालांकि प्रशंसकों को काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह महज सात रन बनाकर होल्डर का दूसरा शिकार बन गये. एशले नर्स ने दो विकेट लेने के अलावा 40 रन की उपयोगी पारी खेली जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया.

इससे पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शाइ होप को लगातार दूसरा शतक नहीं बनाने दिया लेकिन वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए भारत के खिलाफ तीसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में नौ विकेट पर 283 रन बनाये. पहले दो मैचों में आराम दिये जाने के बाद वापसी करते हुए बुमराह ने 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट चटकाये. बुमराह ने कीरोन पावेल (21) और चंद्रपाल हेमराज (15) को पवेलियन भेजकर वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत नहीं करने दी.

इसके बाद होप और एशले नर्स (40) को भी उन्होंने आउट किया. विशाखापट्टनम वनडे में नाबाद 123 रन बनाने वाले होप ने 113 गेंद में 95 रन बनाकर वेस्टइंडीज को संकट से निकाला. आखिर में नर्स और केमार रोच (नाबाद 15) ने नौवे विकेट के लिये 56 रन जोड़कर वेस्टइंडीज को 300 रन के करीब पहुंचाया. कैरेबियाई बल्लेबाजों ने शुरुआत अच्छी की लेकिन उसे बड़ी पारियों में नहीं बदल सके.

होप ने चौथे विकेट के लिये शिमरोन हेटमेयर (37) के साथ 56 रन की साझेदारी की. धौनी ने विकेट के पीछे जबर्दस्त चुस्ती दिखाते हुए हेटमेयर को स्टम्प आउट किया. यह विकेट कुलदीप यादव को मिला जिसने 52 रन देकर दो विकेट लिये. इससे पहले धौनी ने बुमराह की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वेयर लेग सीमा की ओर दौड़कर डाइव लगाते हुए कीरोन पावेल का दर्शनीय कैच लपका.

भारतीय टी20 टीम से बाहर किये गए धोनी ने मानों अपने प्रदर्शन से अपनी फिटनेस और फार्म साबित कर दी. होप ने कप्तान जासन होल्डर के साथ छठे विकेट के लिये 76 रन की साझेदारी की. होप शतक जमाने से पांच रन से चूक गए और बुमराह ने शानदार यार्कर पर उनकी पारी का अंत किया. उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के जड़े.

टीमें इस प्रकार
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, एम एस धौनी, ऋषभ पंत, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और खलील अहमद.
वेस्टइंडीज : किइरन पावेल, चंद्रपाल हेमराज, शाइ होप, मर्लोन सैमुअल्स, शिमरोन हेटमेयर, रोवमैन पावेल, जासन होल्डर (कप्तान), फेबियन एलेन, एशले नर्स, केमार रोच और ओवेद मेको.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola