Siwan News : पारिवारिक विवाद में महिला की मौत, 9 वर्षीय बेटे ने देखी मां की दर्दनाक मौत
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 21 May 2026 6:59 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Siwan News : आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
Siwan News (अरविंद कुमार सिंह) : बड़हरिया थाना क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं. यहां एक 9 वर्षीय मासूम बेटे ने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने तड़पते देखा और अब वही बच्चा अपनी मां को इंसाफ दिलाने की गुहार लगा रहा है. बड़हरिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर टोला निवासी 32 वर्षीय इशरत जहां की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि पारिवारिक विवाद में पति मो. शहाबुद्दीन ने चलती बाइक से पत्नी को धक्का दे दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. लेकिन इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू वह मासूम बेटा है, जिसने अपनी मां को सड़क पर लहूलुहान होते देखा.
कांपती आवाज में बच्चे ने सुनाई मां की मौत की दर्दनाक कहानी
घटना के बाद 9 वर्षीय साजिद अली का बयान सुनकर हर कोई भावुक हो उठा. कांपती आवाज में बच्चे ने बताया कि बुधवार की शाम उसके पिता उसे, उसकी मां और 3 वर्षीय छोटी बहन को ननिहाल से घर ले जा रहे थे. रास्ते में मां और पिता के बीच कहासुनी होने लगी. तभी अचानक पिता ने गुस्से में चलती बाइक से मां को धक्का दे दिया. साजिद ने बताया कि उसकी मां सड़क पर गिरकर खून से लथपथ हो गईं और वह जोर-जोर से रोने लगीं. मां को उस हालत में देखकर वह खुद भी चीखने लगा. छोटा बच्चा बार-बार लोगों से मदद मांगता रहा. उसकी 3 साल की बहन भी डरी-सहमी रोती रही. सड़क पर पड़े मां के शरीर और बगल में रोते दोनों मासूम बच्चों का दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें भर आईं.
नशे के आदी पति पर पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप
बच्चे ने बताया कि कुछ देर बाद पिता के द्वारा ही मां को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मां की मौत के बाद से दोनों बच्चे सदमे में हैं. साजिद बार-बार सिर्फ एक ही बात दोहरा रहा है— “मम्मी अब कभी वापस नहीं आएंगी क्या?” मृतका के पिता मुख्तार मियां ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर पति की प्रताड़ना से परेशान रहती थी। आरोपी शहाबुद्दीन नशे का आदी था और नशा कर के बेटी के साथ मारपीट करता था. इसी वजह से इशरत कुछ दिनों से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. बुधवार को आरोपी माफी मांगते हुए उसे घर ले जाने पहुंचा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह बेटी की जिंदगी का आखिरी सफर होगा.
परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मामले में बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : Siwan News : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीवान जंक्शन में चला स्वच्छता अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










