ड्रोन शो, जर्मन हैंगर और टेंट सिटी... सुलतानगंज में तैयारियों का DM ने लिया जायजा, 24 जुलाई तक सभी काम पूरे करने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन
  डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

Shravani Mela 2026: भागलपुर में श्रावणी मेला 2026 को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी ने सुलतानगंज पहुंचकर ड्रोन शो, जर्मन हैंगर, टेंट सिटी और गंगा महाआरती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों को 24 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला 2026 को यादगार बनाने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को सुलतानगंज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव सह बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDCL) के अपर प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार सिंह की मौजूदगी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक के बाद अधिकारियों ने पूरे मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी संबंधित विभागों को 24 जुलाई तक हर तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया.

प्रशासन का लक्ष्य इस बार कांवरियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेला उपलब्ध कराना है.

ड्रोन शो से लेकर गंगा महाआरती तक होगी खास तैयारी

समीक्षा बैठक में मेला को आकर्षक बनाने के लिए प्रस्तावित ड्रोन शो, जर्मन हैंगर, टेंट सिटी, गंगा महाआरती, उद्घाटन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.

इसके अलावा यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को इस बार बेहतर अनुभव देने के लिए हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

धांधी बेलारी में बन रहा 500 क्षमता वाला जर्मन हैंगर

निरीक्षण के दौरान डीएम ने धांधी बेलारी में प्रस्तावित 500 क्षमता वाले जर्मन हैंगर के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया.

उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश के दौरान हैंगर परिसर में जलभराव नहीं हो, इसके लिए चारों ओर नालों का निर्माण कराया जाए. इसी स्थान पर प्रस्तावित ड्रोन शो के आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

स्विस कॉटेज और हेलिपैड की भी तैयारियां तेज

तिलकपुर स्कूल मैदान में स्विस कॉटेज निर्माण के लिए स्थल चयन का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों को समय पर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए.

वहीं कृष्णानंद स्टेडियम में प्रस्तावित हेलिपैड स्थल का भी जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान वहां स्थित जर्जर जलमीनार को लेकर विशेष चर्चा हुई.

जर्जर जलमीनार को सुरक्षित तरीके से हटाया जाएगा

कृष्णानंद स्टेडियम के पास स्थित पुरानी और जर्जर जलमीनार को लेकर डीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया.

नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने बताया कि कोलकाता से विशेषज्ञों की टीम निरीक्षण के लिए आने वाली है. उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद जलमीनार को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.

श्रावणी मेले की सुरक्षा संभालेंगे 3000 से अधिक पुलिसकर्मी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि इस बार श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत रहेगी.

उन्होंने कहा कि 3000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. सभी पुलिसकर्मी 27 जुलाई तक सुलतानगंज पहुंच जाएंगे.

पूरे मेला क्षेत्र में बाइक पेट्रोलिंग, सिविल ड्रेस में विशेष टीम, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था रहेगी. आधुनिक तकनीक के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

Shravani Mela 2026: 24 जुलाई तक पूरी करनी होगी हर तैयारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला से जुड़ी सभी परियोजनाओं और व्यवस्थाओं को 24 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए.

उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि इस बार श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बने. इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार काम कर रहे हैं.

Also Read: बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को एक और झटका, केसी सिन्हा के बाद अब चेतना झांब और श्रुति श्री भी छोड़ेंगी जन सुराज


विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन