सारण: सोने के लेन-देन के विवाद में हुई थी राहुल तुकाराम की हत्या, ढाई माह बाद पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Updated:
विज्ञापन
नोट: फोटो नंबर 17 सीएचपी 2 है कैप्सन होगा-पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी  | Prabhat Khabar Network

पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी | Prabhat Khabar Network

Saran News: सारण जिले में नहर किनारे मिले अज्ञात युवक के शव का पुलिस ने रहस्य सुलझा लिया है. मृतक की पहचान सीवान के सर्राफा व्यापारी राहुल तुकाराम के रूप में हुई, जिसकी हत्या सोने के लेन-देन के विवाद में गोली मारकर की गई थी. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Saran News: सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के नवादा और बनपुरा के बीच नहर किनारे करीब ढाई माह पहले मिले अज्ञात युवक के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. जांच में मृतक की पहचान सीवान जिले के महाराजगंज निवासी राहुल तुकाराम के रूप में हुई है. राहुल सर्राफा कारोबारी था और सोना गलाने का काम करता था. पुलिस के अनुसार उसकी हत्या सोने के लेन-देन के विवाद में गोली मारकर की गई थी. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.

30 अप्रैल को मिला था नहर किनारे शव

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को नवादा और बनपुरा गांव के बीच नहर किनारे करीब 27 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था. उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. इसके बाद रसूलपुर थाना में कांड संख्या 141/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा था.

वैज्ञानिक और तकनीकी जांच से खुली गुत्थी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई गई. जांच में सामने आया कि राहुल तुकाराम की हत्या सोने के लेन-देन के विवाद को लेकर की गई थी. पुलिस ने इसे पूरी तरह पूर्व नियोजित हत्या बताया है.

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोल्डन कुमार सोनी उर्फ गोल्डी, पिता सुनील कुमार सोनी, निवासी नखास चौक, महाराजगंज (सीवान) तथा आशीष कुमार राम, पिता सुभाष राम, निवासी पुरानी बाजार, महाराजगंज को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ जारी है.

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुई बाइक

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक राहुल तुकाराम की बाइक भी बरामद कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या थी. वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में मानसून सक्रिय, कल कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानिए गोपालगंज, सीवान, सारण समेत पूरे राज्य का मौसम



विज्ञापन
Chandrashekhar Saran

लेखक के बारे में

By Chandrashekhar Saran

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन