सिर्फ 436 रुपये के प्रीमियम वाली योजना से 9 परिवारों को मिली राहत, SBI ने बांटे 2-2 लाख के चेक

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के चेक देते शाखा प्रबंधक मो. नौशाद अहमद
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 9 परिवारों को 2-2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की है. यह योजना मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान करती है.
Sonbarsa News: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की दोस्तिया शाखा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत मृतक खाताधारकों के नौ नामित आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की बीमा राशि के चेक वितरित किए गए. शाखा प्रबंधक मो. नौशाद अहमद ने लाभुकों को चेक सौंपते हुए योजना की जानकारी भी दी.
इस दौरान रोहुआ निवासी मृतक हजारी देवी के नामित आश्रित अवधेश कुमार और सोनबरसा निवासी मृतक बीरेंद्र कुमार की नामित आश्रित रिंकी कुमारी समेत कुल नौ लाभुकों को बीमा राशि के चेक प्रदान किए गए.
चेक मिलने पर लाभुकों ने जताया आभार
बीमा राशि मिलने के बाद लाभुकों ने केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना की सराहना की और बैंक के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.
सिर्फ 436 रुपये सालाना प्रीमियम में मिलता है 2 लाख का बीमा
शाखा प्रबंधक मो. नौशाद अहमद ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों के लिए एक किफायती जीवन बीमा योजना है. इसमें पात्र बैंक खाताधारक मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर शामिल हो सकते हैं.
उन्होंने बताया कि योजना का हर वर्ष नवीनीकरण कराया जाता है. बीमित व्यक्ति की बीमारी या दुर्घटना सहित किसी भी कारण से मृत्यु होने पर उसके नामित आश्रित को 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है.
लोगों से योजना से जुड़ने की अपील
शाखा प्रबंधक ने कहा कि कम प्रीमियम में मिलने वाला यह बीमा संकट की घड़ी में परिवार के लिए बड़ा आर्थिक सहारा साबित होता है. उन्होंने सभी पात्र बैंक खाताधारकों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की.
कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि ज्याउद्दीन उर्फ तन्नु, सर्विस मैनेजर अजित कुमार, फील्ड ऑफिसर सुशांत कुमार सहित बैंक के अन्य कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










