नवादा: पेंशन, मुआवजा और सरकारी योजनाओं की समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादी, जनसुनवाई में 42 आवेदन प्राप्त

जन सुनवाई में पहुँचे फरियादी | Prabhat Khabar Network
नवादा में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों की 42 शिकायतें प्राप्त हुईं. इनमें से 23 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली.
Nawada News: जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया. जिला स्तरीय जनसुनवाई समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. जनसुनवाई के दौरान कुल 42 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए. जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन कराया.
विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने सौंपी शिकायतें
जनसुनवाई में अकबरपुर थाना क्षेत्र के माखर गांव निवासी कैलाश पांडेय ने वृद्धावस्था पेंशन, नारदीगंज थाना क्षेत्र के कोशला निवासी मुकेश कुमार ने मुआवजा भुगतान, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा निवासी मंतुष पासवान ने कबीर अंत्येष्टि योजना तथा अकबरपुर थाना क्षेत्र के फुलमा गांव निवासी विजय कुमार ने परिमार्जन प्लस से संबंधित आवेदन सौंपा. इसके अलावा अन्य फरियादियों ने भी राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि, जनकल्याण एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं. शेष बचे मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.
पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें. इसी क्रम में नवादा सदर, रजौली अनुमंडल समेत जिले के सभी प्रखंड, अंचल, थाना एवं पंचायत स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










