ePaper

बिहार में जाति आधारित जनगणना पर सर्वदलीय बैठक आज, राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस पर शुरू होगा अमल

Updated at : 01 Jun 2022 6:44 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार में जाति आधारित जनगणना पर सर्वदलीय बैठक आज, राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस पर शुरू होगा अमल

बैठक में आये सर्वदलीय सुझावों के आधार पर राज्य में जातीय जनगणना कराये जाने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में भेजा जायेगा. राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस पर अमल शुरू होगा.

विज्ञापन

पटना. बिहार में जातीय जनगणना को लेकर बुधवार को सर्वदलीय बैठक होगी. सीएम सचिवालय स्थित संवाद में शाम चार बजे से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. बैठक में बिहार में जातीय जनगणना किस तरह करायी जाये, इसकी रूपरेखा पर विचार-विमर्श होगा. इस संबंध में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी दलों को सर्वदलीय बैठक में भाग लेने की अपील की है. गौरतलब है कि सभी दलों की राय से ही राज्य सरकार ने एक जून को सर्वदलीय बैठक कराने का फैसला लिया है. बैठक में आये सर्वदलीय सुझावों के आधार पर राज्य में जातीय जनगणना कराये जाने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में भेजा जायेगा. राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस पर अमल शुरू होगा.

जातीय जनगणना के मुद्दे पर पूरी ताकत के साथ लड़े पार्टी : लालू

पटना. राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा है कि जातीय जनगणना की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना है. राजद को इसकी लड़ाई मजबूती और होशियारी से लड़नी है. इस लड़ाई को भटकने नहीं देना है. हो सकता है कुछ लोग समय की नजाकत को देखते हुए अभी जातीय जनगणना के लिए रजामंद हो जाये. हमें उसकी मंशा को भांपना होगा. हमें सतर्क रहना होगा. राजद सुप्रीमो ने यह बातें मंगलवार की शाम राजद विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं. लालू ने पार्टी के नीतिगत निर्णय लेने के लिए तेजस्वी यादव को अधिकृत कर दिया है.

राजद नेता लालू प्रसाद ने कहा कि एमएलसी और सभी तरह के चुनावों में एकजुट होकर रहना होगा. इसके लिए पार्टी को मजबूत करना होगा. उन्होंने दो टूक कहा कि जातीय जनगणना के मसले पर किसी तरह का घालमेल नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना सही ढंग से कराने के लिए राजद को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना है. उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए कहा. एक करोड़ का लक्ष्य हासिल करना है.

हमें जातीय जनगणना करा कर रहना है : तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें जातीय जनगणना करा कर रहना है. विधानमंडल की इस बैठक में बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, शिवानंद तिवारी , डॉ रामचंद्र पूर्वे, उदय नारायण चौधरी, वृशिण पटेल , तेज प्रताप यादव, आलोक मेहता आदि मौजूद थे.

राज्य में जातीय जनगणना कराने पर सहमत हैं सभी पार्टियां : विजय चौधरी

पटना. संसदीय कार्य मंत्री सह शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि विधानसभा में प्रतिनिधित्व वाले सभी दलों को जातीय जनगणना की बैठक में बुधवार को बुलाया गया है. जो बात अब तक सामने आयी है, उसके अनुसार सभी दल जाति आधारित जनगणना कराने पर सहमत हैं. मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जातीय जनगणना कराने के लिए हम लोगों ने विधानसभा से दो बार सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा था, साथ ही सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करने भी गया था. केंद्र ने बताया कि अब विलंब हो गया है चीजें काफी आगे बढ़ गयी हैं, अब उसका फॉर्मेट बदलना संभव नहीं है. केंद्र सरकार ने जातीय जनगणना कराने में असमर्थता व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि अगर कोई राज्य सरकार चाहे, तो अपने स्तर से इसे करा सकती है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन