पटना: न ओटीपी, न मैसेज...फिर भी खातों से उड़ गए 12.55 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस

साइबर ठगी का सांकेतिक फोटो.
पटना में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहां अपराधियों ने दो लोगों के बैंक खातों से 12.55 लाख रुपये निकाल लिए. हैरानी की बात यह है कि पीड़ितों को न तो ओटीपी आया और न ही पैसे निकलने का कोई अलर्ट मिला. पुलिस इस अनूठे तरीके की जांच कर रही है.
Patna Cyber Fraud : साइबर अपराधियों ने राजधानी में ठगी का नया तरीका अपनाते हुए दो लोगों के बैंक खातों से 12.55 लाख रुपये से अधिक की निकासी कर ली. हैरानी की बात यह रही कि पीड़ितों के मोबाइल पर न तो ओटीपी आया और न ही निकासी का कोई मैसेज मिला. दोनों मामलों में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
तीन ट्रांजेक्शन में 10.90 लाख रुपये उड़ाए
खाजेकलां निवासी अवधेश कुमार सक्सेना के बैंक खाते से साइबर बदमाशों ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 10.90 लाख रुपये निकाल लिए. पीड़ित के अनुसार, उन्हें न तो किसी प्रकार का ओटीपी प्राप्त हुआ और न ही खाते से पैसे निकलने का कोई अलर्ट मिला. मामले की जानकारी होने पर उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराने के साथ साइबर थाने में भी केस दर्ज कराया.
दूसरे पीड़ित के खाते से 1.65 लाख की निकासी
इसी तरह मसौढ़ी निवासी राजेश कुमार आर्य के बैंक खाते से भी साइबर अपराधियों ने 1.65 लाख रुपये निकाल लिए. राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी अनुमति के बिना खाते से रकम की निकासी कर ली गई. उन्होंने भी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
नए तरीके से ठगी की जांच में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिना ओटीपी और बैंक अलर्ट के खातों से राशि कैसे निकाली गई. साथ ही लेन-देन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पढ़ने के लिए कटिहार से पटना आया, धनी बनने के लिए बना तस्कर, 41 लीटर शराब के साथ धराया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










