पटना: FDDI में तीन माह का कौशल प्रशिक्षण संपन्न, 40 सैन्यकर्मियों को फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग व रिटेलिंग की ट्रेनिंग दी गयी

प्रशिक्षण के बाद सैन्यकर्मी
रक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में 40 सैन्यकर्मियों को फुटवियर डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और रिटेलिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया. यह कार्यक्रम नागरिक जीवन में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था.
Patna News : रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के महानिदेशालय पुनर्वास (डीजीआर) के तत्वावधान में आयोजित तीन माह के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), पटना द्वारा संचालित 'सर्टिफिकेट कोर्स इन फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एंड रिटेलिंग' में तीनों सेनाओं के 40 सैन्यकर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया.
रोजगार और स्वरोजगार के लिए दिया गया प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण 27 अप्रैल से 17 जुलाई तक आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त हो रहे सैन्यकर्मियों को नागरिक जीवन में रोजगार और स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल उपलब्ध कराना था. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फुटवियर डिजाइनिंग, आधुनिक निर्माण तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, उद्योग से जुड़ी जानकारी और रिटेल प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया.
प्रशिक्षुओं को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र
समापन समारोह में एफडीडीआई पटना के कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार, मेजर राकेश कुमार रवि तथा फुटवियर विभागाध्यक्ष सह डीजीआर संयोजक संजीव कुमार मिश्रा उपस्थित रहे. इस अवसर पर सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.
फुटवियर उद्योग में बेहतर अवसर मिलेंगे : नीरज कुमार
कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार ने कहा कि सैन्यकर्मियों का अनुशासन और सीखने की प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि फुटवियर उद्योग में तेजी से बढ़ रहे अवसरों को देखते हुए यह प्रशिक्षण प्रशिक्षुओं को अपना उद्यम शुरू करने या प्रतिष्ठित फुटवियर कंपनियों में बेहतर भूमिका निभाने में मदद करेगा. उन्होंने सभी प्रतिभागियों के सफल भविष्य की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










