यह कैसा उन्माद!

टी-20 क्रिकेट विश्व कप में पुरुषों की श्रेणी में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया. इसी टूर्नामेंट में महिलाओं की श्रेणी में पाकिस्तान की टीम ने भारत को पराजित कर दिया. क्रिकेट एक खेल है और इसमें एक टीम जीतती है और दूसरी परास्त होती है. ऐसे मौके भी आते हैं जब नतीजा बराबरी पर […]
टी-20 क्रिकेट विश्व कप में पुरुषों की श्रेणी में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया. इसी टूर्नामेंट में महिलाओं की श्रेणी में पाकिस्तान की टीम ने भारत को पराजित कर दिया. क्रिकेट एक खेल है और इसमें एक टीम जीतती है और दूसरी परास्त होती है. ऐसे मौके भी आते हैं जब नतीजा बराबरी पर छूटता है. खेल का आनंद खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मैच के उतार-चढ़ाव में होता है. यह भी एक तथ्य है कि हमारे उपमहाद्वीप में, जिसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका शामिल हैं, क्रिकेट महज एक खेल नहीं, बल्कि एक खुमार है.
स्वाभाविक रूप से क्रिकेट के इस माहौल में आर्थिकी, संस्कृति और राजनीति ने भी अपनी जगह बनायी है. इसका सकारात्मक पक्ष यह है कि क्रिकेट अच्छी कमाई, लोगों के परस्पर नजदीक आने और कूटनीतिक रिश्तों की बेहतरी का माकूल माहौल बनाने का शानदार बहाना बना है. लेकिन हमारे हिस्से में, हमारे से यहां मतलब खासकर भारत और पाकिस्तान से है, बजरिये क्रिकेट एक अजीब आक्रामक और उन्मादी वातावरण भी बना है. भारत और पाकिस्तान के मैचों को न होने देने की जिद राजनीतिक मुद्दा है.
हमारे देश में ऐसे अनेक लोग हैं जिनकी नजर में पाकिस्तान को हरा देना ही हमारी टीम का सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए. अगर ऐसा होता है तो ऐसे लोग खिलाड़ियों को हीरो के रूप में अभिनंदित करते हैं, और ऐसा न होने पर उनके खिलाफ बोलने से भी नहीं हिचकते. कमोबेश यही माहौल सीमा के उस पार भी है. लेकिन खिलाड़ियों को देखें, तो वे खेल में अपना पूरा दम-खम लगाते हैं, और विरोधी टीम के खिलाड़ियों के साथ दोस्ताना व्यवहार भी करते हैं.
सोशल मीडिया में ऐसे लोग बड़ी संख्या में हैं जिनके लिए खेल का मैदान युद्ध-क्षेत्र से कम नहीं होता और वे पाकिस्तान को हरा कर इतिहास के सारे हिसाब चुकता कर लेना चाहते हैं. पाकिस्तान में भी कुंठा से भरे ऐसे लोगों की कमी नहीं है. खेल दोनों देशों के लोगों, यहां तक कि वैश्विक स्तर पर, को नजदीक लाने और तल्खी की भावना को खत्म करने का एक महत्वपूर्ण जरिया हो सकता है. वैसे यह बढ़िया मनोरंजन का जोरदार साधन तो है ही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




