आइए, व्यक्ति का वसंत खोजें

Updated at : 31 Jan 2020 7:17 AM (IST)
विज्ञापन
आइए, व्यक्ति का वसंत खोजें

इमाम हाशमी टिप्पणीकार hashmiimam3@gmail.com वसंत जीवन को समारोह बनाता है, उत्सव बनाता है. रोजमर्रा का जीवन जीते-जीते समाजों में एकरसता आती है और व्यक्तियों में भी जड़ता जन्म लेती है. इसलिए जड़ता को तोड़कर अंधकार को हटाकर उत्सवों की हरियाली आवश्यक है. यही अवसर है स्वप्न देखने का, कल्पित चमत्कारिक भावों को बुनने का, फूलों […]

विज्ञापन

इमाम हाशमी

टिप्पणीकार

hashmiimam3@gmail.com

वसंत जीवन को समारोह बनाता है, उत्सव बनाता है. रोजमर्रा का जीवन जीते-जीते समाजों में एकरसता आती है और व्यक्तियों में भी जड़ता जन्म लेती है. इसलिए जड़ता को तोड़कर अंधकार को हटाकर उत्सवों की हरियाली आवश्यक है.

यही अवसर है स्वप्न देखने का, कल्पित चमत्कारिक भावों को बुनने का, फूलों की आभा में खो जाने का, चिड़ियों के पंख फैलाने को देख मुस्काने का. वसंत में आवेगमयता बढ़ती है, अनुभूतियों का विस्तार होता है. अक्सर वसंत नये प्रतिमान बनाता है, फिर उन्हें तोड़ भी देता है. फूलों में पल्लवन, वनस्पतियों में प्रमोद और धरती का शृंगारमय रचाव ही वसंत का तात्पर्य है. वसंत हमारे मन का हरियाला क्षेत्र है. जो भी उल्लासमय श्रेष्ठताएं हमारे भीतर और बाहर हैं, वे सभी वसंत का ही रूपक हैं.

प्रेम का भाव हर कार्य और संबंध में जुड़ा होता है, तो हर दिन वसंत नजर आता है. यह भाव वहां मृताप्राय होने लगता है, जहां लोग स्वयं को कोसने लगते हैं कि उनका जीवन पतझड़ बन गया है, अब उसमें कोई रोमांच नहीं बचा.

लेकिन, किसी के जीवन से वसंत तब तक खत्म नहीं होता, जब तक उसके जीवन का अंत नहीं होता. जिम हार्टनेस और नील एस्केलिन अपनी पुस्तक ‘द ट्वेंटी फोर आॅवर टर्न अराउंड’ में कहते हैं- ‘रचयिता ने हमें यह बताने के लिए वसंत दिया है कि हमारा नवीनीकरण हो सकता है. यही वह समय है, जब हमारे चारों ओर फूल-पौधे खिल उठते हैं.’

देहात के एक स्कूल में एक छोटा लड़का हर सुबह जल्दी आकर शिक्षक और सहपाठियों के लिए आग जला देता, ताकि उनके आने पर कमरा गर्म हो जाये. एक दिन सुबह लड़का स्कूल आया, तो उसके मन में शिक्षक का पिछले दिन का पढ़ाया पाठ घूम रहा था कि वसंत ऋतु हर साल आती है और यह संदेश देती है कि हर व्यक्ति के जीवन में वसंत जरूर आता है और अपने प्रयासों से व्यक्ति उस वसंत को हर दिन बनाये रख सकता है. अचानक स्टोव फटने से आग लग गयी और जलती इमारत से लड़का बाहर निकलकर बेहोश हो गया. उसका शरीर जल गया था. अस्पताल में डाॅक्टर उसकी मां से कह रहे थे- अगर यह लड़का मर जाये तो ज्यादा अच्छा है, क्योंकि आग ने उसके शरीर को बुरी तरह जला डाला है.

यह कभी चल नहीं पायेगा. यह सुनकर लड़के को अपनी जीवन से और अधिक प्रेम हो गया. उसे शिक्षक की बातें याद आयी कि हर व्यक्ति के जीवन में वसंत अवश्य होता है. उसने दृढ़ संकल्प कर लिया कि वह चलकर दिखायेगा. उसकी मां उसके छोटे-छोटे पैरों की मालिश करती, लेकिन उसे कोई एहसास नहीं होता था.

फिर भी उसे आशा थी कि उसके जीवन में वंसत है और उसे आना ही है. वह अपने काॅलेज की एथलेटिक्स टीम में शामिल हो गया. आगे चलकर डाॅ ग्लेन कनिंघम नाम के इसी संकल्पवान लड़के ने मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में एक मील की दौड़ का विश्व रिकाॅर्ड बनाया और जीवनभर वह अपने जीवन में खुशियों और कामयाबी का वसंत ले आया. उसने पुस्तक में पढ़ी बात को सत्य साबित कर दिया कि जीवन से वसंत कभी खत्म नहीं होता.

जब आप एक कठिन दौर से गुजरते हैं, जब सभी आपका विरोध करने लगते हैं, जब आपको लगने लगता है कि अब परिस्थितियां असहनीय हो चली हैं, तब भी हार न मानें, क्योंकि यही वह समय होता है, जो आपके जीवन में वसंत ला रहा होता है.

व्यक्ति समस्याओं से गुजरकर ही प्रसन्नता और कामयाबी को महसूस कर सकता है. यदि पतझड़ का मौसम न होता तो वसंत की खूबसूरती इतनी अधिक आकर्षित कभी नहीं करती. जीवन में वसंत खुशी, हंसी और कामयाबी का नाम है. यह वसंत पतझड़ रूपी समस्याओं का सामना किये बिना प्राप्त हो ही नहीं सकता.

हम सभी के लिए वसंत का मौसम हर साल नहीं, बल्कि हर रोज आ सकता है, यदि हम कभी हार न मानने को अपने जीवन का एक अंग बना लें. नयी स्फूर्ति व ताजगी के साथ निराशा को त्याग कर उम्मीदों की लौ अपने हृदय में जलायें. वसंत काल दुख और अवसाद को भुलाकर आस्था के बीच बोने का है.

आशा व सकारात्मकता से भर जाने का उद्घोष है वसंत. प्रेम व वसंत में तरुण आवेग है, जो अमानवीयता के विरुद्व जुगुप्सा पैदा करे, बराबरी के लिए संघर्ष करे, जीवन की पवित्रता और सादगी को सम्मान दे. जीवन पवित्र है, जादूभरा है, चमत्कार है, यही प्रतिबिंबन हम अपने समय व भविष्य के वसंत में देखते हैं. तो आइये, हम सब मिलकर व्यक्ति का वह वसंत खोजें.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola