19.1 C
Ranchi

लेटेस्ट वीडियो

विकास की वृद्धि दर के मामले में दूसरे स्थान पर झारखंड, जानिये 17वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति कोविंद ने क्या कहा…?

रांची : झारखंड के स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद थे. स्थापना दिवस समारोह में 3455.89 करोड़ की सात योजनाओं का शिलान्यास व उदघाटन हुआ. सात लाख से ज्यादा लाभुकों के बीच 3325.15 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया गया. […]

रांची : झारखंड के स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद थे. स्थापना दिवस समारोह में 3455.89 करोड़ की सात योजनाओं का शिलान्यास व उदघाटन हुआ.
सात लाख से ज्यादा लाभुकों के बीच 3325.15 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया गया. समारोह में मौजूद करीब 40 हजार लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि झारखंड में काफी संभावनाएं हैं. राज्य अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर रहा है़.
विकास वृद्धि दर के पैमाने पर झारखंड देश में दूसरे स्थान पर है. श्रम सुधारों के क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से लगातार देश में पहले स्थान पर बना हुआ है. 2014 में ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में काफी पीछे रहनेवाला झारखंड अब ऊपर के राज्यों में गिना जाता है.
राष्ट्रपति ने धरती आबा बिरसा मुंडा सहित झारखंड के वीर सपूतों के बलिदान को याद किया. रत्नगर्भा झारखंड की खूबियां और क्षमता बतायी. कहा : झारखंड के विकास में नयी ऊर्जा और यहां उपस्थित लोगों के उत्साह को देख कर राज्य की स्थापना का निर्णय लेनेवाले दूरदर्शी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सम्मान और धन्यवाद व्यक्त करता हू़. जोहार आजीविका योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना, एंबुलेंस योजना और सड़क के आधारभूत विकास की योजनाओं को आरंभ कर मुझे बहुत खुशी हुई है.
वीर सपूतों का बलिदान याद किया
राष्ट्रपति ने कहा : भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिदो-कान्हो, चांद भैरव, तिलका मांझी, नीलांबर पिताबंर जैसे अनेक वीर सपूतों ने अपने त्याग व बलिदान से झारखंड की धरती को सींचा है. इन विभूतियों ने समानता और न्याय पर आधारित समाज के सपने को साकार करने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. आज भगवान बिरसा मुंडा की 142वीं जयंती है, केवल 25 वर्ष की आयु में उन्होंने शहादत दी. ऐसे महान सपूत को हमेशा याद रखें और उनके उद्देश्यों को पाने के लिए प्रयास करे़ं.
ग्राम विकास योजना की सराहना की
उन्होंने राज्य सरकार की शहीद ग्राम विकास योजना को सराहनीय पहल बताया. कहा कि झारखंड शूरवीरों व प्रतिभाओं की जन्मभूमि और कर्मभूमि रही है. 1971 के युद्ध में भारत माता के लिए प्राणों की आहुति देनेवाले परमवीर अलबर्ट एक्का इसी क्षेत्र की विभूति रहे है़.
1928 के ओलिंपिक में भारत को हॉकी में स्वर्ण पदक दिलानेवाली टीम के कप्तान जयपाल सिंह मुंडा, संविधान सभा के सदस्य भी रहे. इस क्षेत्र ने हॉकी, फुटबाॅल, क्रिकेट, कबड्डी, तीरंदाजी, मुक्केबाजी और पर्वतारोहण आदि खेल में प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिये. महेंद्र सिंह धौनी की क्षमता का यहीं विकास हुआ, तो तीरंदाजी में विश्व में नवंबर एक स्थान पर रह चुकी झारखंड की बेटी दीपिका कुमारी ने राज्य और पूरे देश का सम्मान बढ़ाया.
झारखंड के धरोहरों को याद किया
राष्ट्रपति ने अपने भाषण में झारखंड के धार्मिक स्थलों और यहां की प्राकृतिक विरासत का भी उल्लेख किया. कहा : झारखंड की भूमि प्राचीन काल से ही महत्वपूर्ण रही है. देवघर में ज्योर्तिर्लिंग वैद्यनाथ धाम, दुमका में बासुकीनाथ धाम, गिरिडीह में पार्श्वनाथ की तपोभूमि और रामगढ़ में मां छिन्नमस्तिका शक्तिपीठ जैसे तीर्थ स्थल झारखंड को पवित्र भूमि का दर्जा देते हैं. दुमका में 108 टेराकोटा मंदिरों का मलूटी गांव सांस्कृतिक धरोहर है.
महिलाओं के योगदान को सराहा
झारखंड के खनिज संपदा का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यहां उद्योग और व्यापार की अपार संभावनाएं है़ मोमेंटम झारखंड कार्यक्रम से राज्य के विकास को अधिक गति मिली है.उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास में महिलाएं अहम भागीदारी निभा रही हैं. राज्य के 32 हजार गांवों में उद्यमी सखी मंडल का गठन कर 4 लाख 80 हजार महिलाओं को इससे जोड़ा जा रहा है.
झारखंड की महिलाएं अब मात्र एक रुपया शुल्क देकर 50 लाख तक की भूमि या मकान की रजिस्ट्री करा सकती हैं. उज्ज्वला योजना से आठ लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही है़ं झारखंड सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है. स्वास्थ्य बीमा योजना से दो लाख परिवार लाभान्वित होंगे. ई-विद्यावाहिनी योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के दूरगामी लाभ होंगे. राष्ट्रपति ने कहा : झारखंड के कई जिले में स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा के क्षेत्रों में रामकृष्ण मिशन ने बहुत काम किया है.
मिशन के अनुभवों से कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा : हम सब मिल कर एक ऐसे राष्ट्र और राज्य के निर्माण का संकल्प लें, जहां बिरसा मुंडा के सपनों के समाज में सभी लोग बराबरी और खुशहाली का अनुभव करें.

राष्ट्रपति कोविंद ने इन योजनाओं की शुरुआत

  • 1500 करोड़ की जोहार योजना
  • 636 करोड़ की स्वास्थ्य बीमा
  • 290 करोड़ की 108 एंबुलेंस योजना
  • रांची में दो स्मार्ट सड़क व दो
  • फ्लाइओवर का िशलान्यास
  • 464.90 करोड़ की राजभवन से बिरसा चौक तक स्मार्ट सड़क
  • 89.83 करोड़ की एयरपोर्ट से बिरसा चौक तक स्मार्ट सड़क
  • 294.04 करोड़ का हरमू फ्लाइ ओवर
  • 181.12 करोड़ का कांटाटोली फ्लाइ ओवर
  • 1175 लोगों को मिला नियुक्ति पत्र
  • 516 स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग से विशेषज्ञ एवं आयुष चिकित्सक
  • 263 पंचायत स्वशासी परिषद के तहत प्रखंड समन्वयक
  • 362 शिक्षक प्लस टू विद्यालय के
  • 24 नवनियुक्त प्राचार्य विश्वविद्यालय के
  • 10 नव नियुक्त शिक्षक गृह विभाग के तहत
  • 7,19,587 लाभुकों के बीच 3325.15 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण
  • 3,08,858 लोगों को गैस चूल्हा व कनेक्शन
  • 1,26,809 लोगों के बीच मुद्रा योजना के तहत राशि का वितरण
  • 1,25,000 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड
  • 51,000 लोगों को आवास (ग्रामीण)
  • 35,000 सखी मंडल को बैंक ऋण
  • 29,019 लोगों को पीएम फसल बीमा की राशि
  • 24,936 लोगों को आवास योजना के तहत आवास (शहरी)
  • 254 बीपीएल महिलाओं को
  • 90% अनुदान पर दुधारू पशु
  • 7,711 मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान एवं ई-विद्या वाहिनी के तहत शिक्षकों के बीच टैब
  • 1,000 लोगों को वेद व्यास आवास योजना के तहत अनुदान राशि
साकार हो रही अलग राज्य की परिकल्पना
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल द्रौपद्री मुर्म ने कहा : जिस सोच के साथ अलग राज्य की परिकल्पना की गयी थी, वह अब साकार होता दिख रहा है. झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों की कोई कमी नहीं है और न ही मानव संसाधन की. झारखंड को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है. मुझे विश्वास है कि झारखंड देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा.
सांस्कृतिक विरासत के आधुनिक मूल्यों का समावेश जरूरी : राज्यपाल ने कहा : झारखंड के पास समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है. विकसित झारखंड के सपने को पूरा करने के लिए सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक मूल्यों के समावेश पर भी हमें बल देना होगा.
राज्य में सामाजिक समरसता को अक्षुण्ण बनाये रखना हमारा दायित्व है, ताकि आनेवाली पीढ़ी अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर सके. हमें सुखी व समृद्ध झारखंड के निर्माण का संकल्प लेना होगा. मुझे पूरा विश्वास है कि झारखंड हर क्षेत्र में प्रगति करते हुए चारों दिशाओं में अपनी चमक बिखेरेगा.
राज्य में अब विकास की राजनीति
स्था पना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में अब सिर्फ विकास की राजनीति होगी. पिछले ढाई साल में झारखंड विकास के मार्ग पर आगे बढ़ गया है.
राज्य की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से गतिशील हो चुकी है. उद्योग-धंधों का तेजी से विकास हो रहा है. झारखंड ने निवेशकों का भरोसा जीता है. मोमेंटम झारखंड के बाद राज्य इंवेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है. मुख्यमंत्री ने अपने संबाेधन के दौरान लोगों को विकास का संकल्प भी दिलाया.
नक्सली सरेंडर करें, नहीं तो होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री ने आम जनता से आह्वान किया है कि वे नक्सली के बहकावे में नहीं आये. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा : नक्सली सरेंडर करें, नहीं तो सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
उन्होंने कहा : सरकार ने लोगों की धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए धर्म स्वातंत्र्य विधेयक लाया है. अब कोई लोभ देकर व धमका कर लोगों का धर्म परिवर्तन नहीं करा पायेगा. हम गरीब जरूर हैं, लेकिन बिकाऊ नहीं.
भ्रष्टाचार पर बोले दासों के दास रघुवरदासः न खाता हूं, न खाने दूंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल पहले राज्य की पहचान स्कैम झारखंड के रूप में होती थी. इस पर भ्रष्टाचार का दाग लगा हुआ था. ढाई साल में झारखंड की छवि बदली है. मेरे कार्यकाल में सरकार पर भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं लगे हैं. सरकार भ्रष्टाचार पर किसी कीमत पर समझौता नहीं करेगी. न खाता हूं, न खाने दूंगा. अगर जनता को भ्रष्टाचार के बारे में पता चलता है, तो वे एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत करें, इस पर त्वरित कार्रवाई होगी. हमारे सामने चुनौतियां जरूर हैं, इसका समाधान जन भागीदारी से निकाला जायेगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधार्इ
झारखंड के स्थापना दिवस पर जनता को शुभकामना. झारखंड संपन्नता और विकास में नये आयाम तक पहुंचे. भगवान बिरसा मुंडा की अदम्य साहसवाली जीवनी हमेशा प्रेरणा का स्त्रोत रही है.
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

संबंधित ख़बरें

Trending News

जरूर पढ़ें

वायरल खबरें

ऐप पर पढें
होम आप का शहर
News Snap News Reel