Weather Forecast: झारखंड को मिलेगी गर्मी से राहत, उत्तराखंड-हिमाचल में तूफान का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
weather forecast today
Weather Forecast: झारखंड के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. दिल्ली में पारा लगातार बढ़ रहा है जो लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर लोगों को गर्मी सताने लगी है. देश की राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक है. मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि शनिवार को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं जबकि तेज सतही हवाएं भी चलने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान करीब 39 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है. 22 अप्रैल को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. जानें देश के अन्य राज्यों के मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में ‘येलो अलर्ट’
मनाली और शिमला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों सहित हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई. स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार, 20 अप्रैल से 23 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 22 और 23 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ-साथ ओलावृष्टि होने और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है.

इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, 20 से 21 अप्रैल के बीच जम्मू कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं शनिवार को यानी आज उत्तराखंड में तूफान, बिजली और तेज हवा के साथ-साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है. आज उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. स्काईमेट के अनुसार, 20 से 21 अप्रैल के बीच पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 20 से 22 अप्रैल के बीच मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं केरल, तटीय आंध्र प्रदेश के साथ-साथ आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है.

बिहार में गर्मी से हाल बेहाल
बिहार के मौसम पर नजर डालें तो यहां तीखी धूप लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. आने वाले दिनों में गर्म हवा के थपेड़ों लोगों को और परेशान करेंगे और कई जिलों में तापमान भी 42° डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया जाएगा. अधिकांश जिलों का तापमान 40°डिग्री सेल्सियस के पार रहने की संभावना मौसम विभाग की ओर से व्यक्त की गई है. 23 अप्रैल तक लोगों को राहत नहीं मिलेगी. विभाग की मानें तो शनिवार को बिहार के अधिकांश जिलों में लू के साथ गर्म दिन रहने की संभावना है.
Read Also : झारखंड में गर्मी की तपिश के बीच बदलेगा मौसम, बारिश के आसार, हीट वेब को लेकर येलो अलर्ट जारी

झारखंड में बारिश की संभावना
झारखंड में गर्मी ने परेशान कर दिया है. यहां के 12 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो चुका है. आनेवाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है. राजधानी रांची में भी अगले एक-दो दिनों में पारा चढ़ सकता है. 22 और 23 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने के की बात मौसम विभाग की ओर से की गई है. इससे एक-दो दिन लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलती नजर आ सकती है. मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने झारखंड में हीट वेव की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि 20 और 21 अप्रैल को कोल्हान, संताल परगना तथा संताल से सटे मध्य हिस्सों तथा रामगढ़ और रांची में हीट वेव की स्थिति नजर आ सकती है. 22-23 को पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, रांची, बोकारो में हल्की बारिश की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










