मुंबई में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, 5 घंटे में 70 मिमी से ज्यादा वर्षा, IMD की चेतावनी
मुंबई के दादर इलाके में भारी बारिश के बाद लोग पानी से भरी सड़क से अपने दो-पहिया वाहनों के साथ गुजरते हुए, फोटो- एएनआई
Very Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए आगामी दो दिन में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. आईएमडी ने पड़ोसी जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है.
Very Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 48 घंटे में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने मुंबई के साथ-साथ ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा.
पांच घंटे में 70 मिमी से ज्यादा बारिश
शुक्रवार को मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में केवल पांच घंटे के भीतर 70 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश दर्ज हुई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है.
निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित
लगातार बारिश के कारण दादर, अंधेरी, गोरेगांव, परेल समेत कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. हालांकि सुबह तक अधिकांश स्थानों से पानी निकल गया. मेट्रो, उपनगरीय लोकल ट्रेन और बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन कई यात्रियों ने ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की. सुबह कुछ समय बारिश की तीव्रता कम रही, लेकिन आठ बजे के बाद फिर तेज बारिश शुरू हो गई.
24 घंटे में 100 मिमी से ज्यादा बारिश
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में मुंबई शहर में 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 150.2 मिमी बारिश वाडी बंदर क्षेत्र में हुई. इसके बाद मालाबार हिल में 145.8 मिमी, सैंडहर्स्ट रोड क्षेत्र में 140.8 मिमी, अंधेरी के मालपा डोंगरी नगर निगम विद्यालय में 136.6 मिमी और पूर्वी उपनगरों के पवई क्षेत्र में 124 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
बारिश से दो लोगों की मौत
भारी बारिश के बीच गुरुवार को पश्चिमी उपनगर चांदीवली में एक व्यक्ति की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई. यह इस सप्ताह बारिश से जुड़ी दूसरी मौत है. इससे पहले मंगलवार को चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के एक बच्चे की जान चली गई थी.
Also Read: 3,4,5, 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश, तेज हवा का अलर्ट, इन राज्यों में मानसून का कहर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








