UP By Election 2024: क्या टूट जाएगा कांग्रेस और सपा का गठबंधन? सवाल पर क्या बोले अखिलेश यादव
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 12 Oct 2024 2:36 PM
UP By Election 2024: उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के पहले सपा और कांग्रेस के बीच रिश्तों में खटास की खबरें आ रहीं हैं. जानें अखिलेश यादव ने क्या कहा
UP By Election 2024: लोकसभा चुनावों में जोरदार कामयाबी के बाद और हरियाणा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की एकजुटता के लिहाज से लिटमस टेस्ट साबित होने वाले हैं. इस 10 सीटों में से छह पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने उम्मीदवार दो दिन पहले उतार भी दिए हैं. इसको लेकर खबर है कि बिना कांग्रेस से बातचीत किए अखिलेश यादव की पार्टी ने यह निर्णय लिया. दोनों पार्टियों में खटास की खबर भी आने लगी.
इस बीच अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी और विपक्ष के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की सहयोगी कांग्रेस का गठबंधन बरकरार रहेगा. सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बरकरार रहने को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच अखिलेश का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर क्या बोले अखिलेश यादव?
जब पत्रकारों ने इटावा के सैफई में अखिलेश यादव से कांग्रेस से गठबंधन जारी रहने की संभावनाओं पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जहां तक इंडिया गठबंधन का सवाल है तो मैं कहना चाहूंगा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन रहेगा. यहां चर्चा कर दें कि सपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय के एक दिन बाद बुधवार को उपचुनाव वाली 10 में से छह सीटों फूलपुर, मझवां, करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर और सीसामऊ पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिये.
Read Also : Akhilesh Yadav : नीतीश कुमार एनडीए से समर्थन वापस लें, जानें अखिलेश यादव ने क्यों की ये मांग
कांग्रेस उनमें से फूलपुर और मझवां सीटों पर दावेदारी कर रही थी. ऐसे में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगायी जा रही थीं. सपा और कांग्रेस ने ‘इंडिया’ के तहत पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था जिसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी.
लोकसभा चुनाव 2024 में किस पार्टी को कितनी सीट मिली?
इस साल हुए लोकसभा चुनावों में (Lok Sabha Election 2024), विपक्ष के इंडिया गठबंधन के सहयोगियों सपा ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की 37 सीटें जीती थीं, वहीं कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं. सत्तारूढ़ बीजेपी ने 33 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) और अपना दल (सोनेलाल) को क्रमशः दो और एक सीट मिली थी. आजाद समाज पार्टी ने एक सीट जीती थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










