Corona Vaccination : कर्नाटक, हैदराबाद व गुजरात को मिली वैक्सीन की पहली खेप, जानें ‘कोविशील्ड’ से जुड़ी अबतक के सभी अपडेट्स
Serum Institute of India, Covishield vaccine, Vaccination : देश भर में वैक्सीनेशन 16 जनवरी से शुरू हो रहा है. सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से ‘कोविशील्ड’ वैक्सीन की पहली खेप मंगलवार की सुबह पांच बजे तीन तापमान नियंत्रित ट्रकों की पूजा कर पुणे हवाई अड्डा के लिए रवाना किया गया. यहां से देश भर के विभिन्न शहरों में पहली खेप में आज 56.5 लाख वैक्सीन भेजी जा रही है. मालूम हो कि सरकार ने अप्रैल माह तक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 4.5 करोड़ से अधिक की खुराक की आपूर्ति करने का ऑर्डर दिया है. भारत में पहले 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जायेगी. पहले चरण में तीन करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जायेगी. इनमें देश के विभिन्न राज्यों के हेल्थवर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल होंगे. इसके बाद 50 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से नीचे के वैसे बीमार लोग, जिन्हें संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा है, वैक्सीन उपलब्ध कराया जायेगा.
वैक्सीन की 54.72 लाख डोज मंगलवार दोपहर तक पहुंचायी गयी : केंद्र
केंद्र ने कहा कि मंगलवार दोपहर तक निर्धारित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय भंडारण केंद्र तक कोविड-19 टीके की 54.72 लाख खुराक पहुंचा दी गयी है तथा 14 जनवरी तक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 1.1 करोड़ और भारत बायोटेक से 55 लाख खुराक मिल जाएगी.
कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप पुणे से विजयवाड़ा पहुंची
पुणे से कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप विजयवाड़ा पहुंची है. वहीं, नीति आयोग ने कहा है कि एम्बुलेंस चालक से लेकर चिकित्सा अधिकारी तक सबको वैक्सीन दिया जायेगा.
कोलकाता एयरपोर्ट पर कोविशिल्ड वैक्सीन की पहली खेप पहुंची
पश्चिम बंगाल में कोलकाता एयरपोर्ट पर कोविशिल्ड वैक्सीन की पहली खेप पहुंची है. इससे पहले आज तमिलनाडु के चेन्नई में कोविशिल्ड वैक्सीन की पहली खेप पहुंचायी गयी.
आज गुजरात सरकार को पहुंचायी गयी 2.76 लाख वैक्सीनेशन डोज
गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने कहा कि 16 तारीख से शुरु हो रहे वैक्सीनेशन के लिए भारत सरकार की तरफ से आज गुजरात सरकार को 2.76 लाख वैक्सीनेशन डोज अहमदाबाद पहुंचायी गयी है. बुधवार को सूरत के लिए 93 हज़ार, बड़ौदा के लिए 94 हज़ार और राजकोट के लिए 77 हजार वैक्सीन डोज पहुंचायी जाएगी.
सबसे पहले हेल्थकेयर-फ्रंटलाइन वर्करों को लगायी जायेगी वैक्सीन, PM Cares फंड से लिया जाएगा खर्च
16 जनवरी से कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हो रही है और सबसे पहले हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन लगायी जानी है. ऐसे में मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पहले चरण में वैक्सीन लेने वाले एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मचारी और दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्करों की कोरोना वैक्सीन का खर्च पीएम केयर्स फंड से लिया जाएगा.
कर्नाटक पहुंची 7.95 लाख वैक्सीन की शिशियों की पहली खेप
भारत के सीरम इंस्टीट्यूट, पुणे की ‘कोविशील्ड’ वैक्सीन की 7.95 लाख शीशियों की पहली खेप कर्नाटक के बेंगलुरु पहुंची. वैक्सीन की प्रत्येक खुराक में 0.5 मिली और प्रत्येक शीशी में 10 वैक्सीन होती है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए