Rain Alert : झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों का मौसम
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 13 Apr 2025 9:15 AM
सांकेतिक फोटो
Rain Alert : दिल्ली और आस-पास के इलाकों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिली है. झारखंड में 18 अप्रैल तक मौसम कुछ ठंडा ही रहेगा. बिहार के कुछ जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है. हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है. जानें मौसम विभाग ने वेदर को लेकर क्या जानकारी साझा की है.
Rain Alert : दिल्ली और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार को तेज आंधी और हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया. शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 0.9 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. रविवार के लिए आईएमडी ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19-21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. आईएमडी के अनुसार, 13 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मंगलवार (15 अप्रैल) तक दिल्ली में लू चलने की कोई संभावना नहीं है.
असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों में गरज के साथ बारिश और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है. झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.
झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में 18 अप्रैल तक मौसम कुछ ठंडा ही रहेगा. तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग की ओर से गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका जतायी गयी है. राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों (पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, लोहरदगा) को छोड़कर शेष भागों में रविवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है.
बिहार का मौसम कैसा रहेगा?
बिहार का मौसम पिछले कुछ दिनों से बदला–बदला नजर आ रहा है. प्रचंड गर्मी के बाद बारिश ने दस्तक दी. पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने करवट ले रहा है. बिहार में बारिश की संभावना आज भी बनी हुई है. मौसम विभाग ने समस्तीपुर, वैशाली, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है.
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से आगामी चार से पांच दिन मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में तीन से चार डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है. जैसलमेर में 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री के बीच होने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश का कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से बारिश हो रही है, जबकि लाहौल एवं स्पीति जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई. मौसम विभाग ने बताया कि 16 अप्रैल से एक नये पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है. प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बुधवार और गुरुवार को हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान किया गया है.
इन राज्यों में तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की संभावना
पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की संभावना है. वहीं रविवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










