PM Modi Birthday: "स्वस्थ नारी - सशक्त परिवार" अभियान का शुभारंभ, 2 अक्टूबर तक जिले भर में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

PM Modi Birthday
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मध्यप्रदेश के धार स्थित ग्राम भैंसोला में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया. इसके साथ ही पीएम मोदी ने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ और ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान की भी शुरुआत की. स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का मकसद सामुदायिक स्तर पर महिला-केंद्रित निवारक, प्रोत्साहन कारी और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है. यह गैर-संचारी रोगों, एनीमिया, टीवी और सिकल सेल रोग की जांच, शीघ्र पहचान और उपचार लिंकेज को सुदृढ़ बनाएगा, साथ ही प्रसवपूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवन शैली और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यकलापों के माध्यम से मातृ, शिशु और किशोर स्वास्थ्य को बढ़ावा देगा.
PM Modi Birthday: 17 सितंबर को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ का शुभारंभ किया गया. प्रधानमंत्री ने योजना की शुरुआत की. यह अभियान दो अक्टूबर तक जारी रहेगा. कार्यक्रम के तहत देश भर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों , जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा. पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के धार में कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया. एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा “विकसित भारत यात्रा के चार स्तंभ हैं; महिलाएं, युवा, गरीब और किसान. आज इन चारों से संबंधित योजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं. हमारी नारी शक्ति हमारे राष्ट्र की प्रगति का आधार है. अगर मां स्वस्थ रहती है, तो पूरा घर ठीक रहता है. अगर मां बीमार हो जाती है, तो पूरे परिवार की व्यवस्था चरमरा जाती है. इसीलिए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ हमारी माताओं और बहनों को समर्पित है.”
मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “राष्ट्र मां भारती की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है. पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमारी बहनों और बेटियों के सिंदूर को मिटा दिया. ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमने आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया. हमारी बहादुर सशस्त्र सेनाओं ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया. कल ही, देश और दुनिया ने एक और पाकिस्तानी आतंकवादी को आंसू बहाते हुए अपनी आपबीती सुनाई. यह एक नया भारत है. यह किसी की भी परमाणु धमकियों से नहीं डरता.” पीएम मित्र पार्क के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा “विश्वकर्मा जयंती के दिन आज एक बड़ी औद्योगिक शुरुआत होने जा रही है. देश के सबसे बड़े एकीकृत टेक्सटाइल पार्क की आधारशिला रखी गई है. यह पार्क भारत के वस्त्र उद्योग को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, तथा बड़ी संख्या में हमारे युवाओं और युवतियों को रोजगार मिलेगा. मैं सभी देशवासियों को इन परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं.”
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का क्या है उद्देश्य
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का मकसद सामुदायिक स्तर पर महिला-केंद्रित निवारक, प्रोत्साहन कारी और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है. यह गैर-संचारी रोगों, एनीमिया, टीवी और सिकल सेल रोग की जांच, शीघ्र पहचान और उपचार लिंकेज को सुदृढ़ बनाएगा, साथ ही प्रसवपूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवन शैली और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यकलापों के माध्यम से मातृ, शिशु और किशोर स्वास्थ्य को बढ़ावा देगा. इसके अलावा स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग और मनोचिकित्सा सहित विशेषज्ञ सेवाएं मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, केंद्र सरकार के संस्थानों और निजी अस्पतालों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी.
‘एक बगिया मां के नाम’ विकसित करेंगी महिलाएं
वहीं, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए प्रधानमंत्री ने ‘एक बगिया मां के नाम’ कार्यक्रम की भी शुरुआत की है. इसके तहत एक महिला स्वयं सहायता समूह की एक लाभार्थी को एक पौधा भेंट करेंगे. मध्यप्रदेश में 10,000 से अधिक महिलाएं ‘मां की बगिया’ विकसित करेंगी. महिला समूहों को पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव और मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. (इनपुट भाषा)
Also Read: क्या है पीएम मित्र पार्क, पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर किया शिलान्यास
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




