Parliament Session: संसद सत्र का पहला दिन, प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति और नीट-यूजी मुद्दे छाए रहे, पीएम के बयान पर बवाल

Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 24 Jun 2024 9:37 PM

विज्ञापन

INDIA bloc leaders

Parliament Session: 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ ही अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली.

विज्ञापन

Parliament Session: लोकसभा सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया और सदस्यों को शपथ दिलाई. कार्यवाही शुरू होते ही सदन के नेता होने के नाते मोदी ने सबसे पहले शपथ ली. इस दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों ने ‘मोदी मोदी’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए. प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण करते समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी सदस्य अपने स्थानों पर संविधान की प्रति लेकर खड़े थे.

सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति और नीट-यूजी मामले छाए रहे

लोकसभा सत्र के पहले दिन जहां सदस्यों ने शपथ ली, वहीं प्रोटेम स्पीकर और नीट-यूजी मामले छाए रहे. ओडिशा के संबलपुर से सांसद और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उड़िया भाषा में शपथ ली. जब वह शपथ लेने के लिए उठे तो विपक्षी सदस्यों ने ‘नीट-नीट’ के नारे लगाए. नीट-यूजी और कुछ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर खड़े हुए विवाद के बीच विपक्षी सांसदों ने कहा कि सरकार को इस मामले पर जवाब देना होगा और इस विषय इस सत्र में उठाया जाएगा. नयी लोकसभा में शपथ लेने वाले कई नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि सरकार उन छात्रों की कठिनाइयों पर विचार नहीं कर रही है जो खुद को अधर में फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं.

प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर विपक्ष ने काटा बवाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर के पद की शपथ दिलाई. इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रीजीजू सहित कई अन्य मंत्री उपस्थित थे. महताब ने हिन्दी में पद की शपथ ली. शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें बधाई दी. इधर प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. I.N.D.I.A. ब्लॉक के सांसदों ने सात बार के सांसद को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह नियुक्ति सबसे वरिष्ठ सदस्य को नियुक्त करने की पारंपरिक प्रथा से अलग है. कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं ने महताब को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किए जाने के विरोध में संसद में गांधी प्रतिमा के सामने संविधान की प्रतियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया. एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, सत्तारूढ़ पार्टी अपना अहंकार नहीं भूली है. हम देख सकते हैं कि वे देश के प्रमुख मुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं. आज भाजपा ने न केवल कांग्रेस, इंडिया ब्लॉक और के सुरेश को बल्कि पूरे दलित समुदाय को नजरअंदाज किया है.

पीएम मोदी ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल को लोकतंत्र पर लगा ‘काला धब्बा’ करार देते हुए सोमवार को कहा कि इसकी 50वीं बरसी के मौके पर देशवासी यह संकल्प लें कि भारत में फिर कभी कोई ऐसा कदम उठाने की हिम्मत नहीं करेगा. 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत के अवसर पर संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह बात कही. पीएम मोदी के बयान पर भी भारी हंगामा हुआ. कांग्रेस ने इसका जमकर विरोध किया. कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा, प्रधानमंत्री ने 50 साल पहले के आपातकाल का जिक्र किया, लेकिन पिछले 10 वर्षों के उस ‘अघोषित आपातकाल’ को भूल गए जिसका जनता ने इस लोकसभा चुनाव में अंत कर दिया है.

Also Read: ‘पीएम मोदी सरकार बचाने में व्यस्त’, राहुल गांधी ने NDA के 15 दिनों के कार्यकाल पर साधा निशाना

विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola