राहुल गांधी के बयान पर जेपी नड्डा की प्रतिक्रिया- ऐसा विपक्षी नेता देखना ही बाकी रह गया था
जेपी नड्डा और राहुल गांधी, फोटो- एएनआई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को रचनात्मक कांग्रेस सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी नेताओं से गले मिलने के अंदाज की नकल भी की. राहुल के इस बयान और मिमिक्री पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को विपक्ष के ऐसे नेता को देखना बाकी रह गया था.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीजेपी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए हमले के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पलटवार किया है. नड्डा ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे विपक्षी नेता को देखना देश का दुर्भाग्य है.
देश के लोकतंत्र का दुर्भाग्य
जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी पर हमला करते हुए लिखा- अब बस विपक्ष के ऐसे नेता को देखना ही बाकी रह गया था, यह देश का दुर्भाग्य है. कांग्रेस के लिए भी राहुल गांधी को अपना नेता स्वीकार करना कितने दुख की बात होगी. नड्डा का यह बयान राहुल गांधी की उस टिप्पणी के बाद आया, जिसमें उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा था.
गुरुवार को रचनात्मक कांग्रेस अधिवेशन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि देश में कई लोग लंबे समय से भाजपा और आरएसएस के सामने डरकर व्यवहार करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन लोगों से मुकाबला कर रहा है, उन्हें भारत के दर्शन और इतिहास की समझ नहीं है.
बोले राहुल गांधी- मोदी और शाह के हटने तक लड़ाई जारी रहेगी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा. उन्होंने कहा- आप लिख लो, जब तक नरेंद्र मोदी इस्तीफा नहीं देते और गृह मंत्री हट नहीं जाते, तब तक हम उनको सोने नहीं देंगे, हम इन्हें जगाकर रखेंगे.
राहुल गांधी ने पीएम मोदी की मिमिक्री की
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर भी कटाक्ष किया था. मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दिमाग में यह बात बैठ गई है कि गले मिलना ही विदेश नीति है. इस दौरान संदीप दीक्षित ने मजाकिया लहजे में पूछा कि कहीं राहुल ने उन्हें जॉर्जिया मेलोनी समझकर तो गले नहीं लगाया. इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और कुछ लोगों ने इसे महिला विरोधी बताया.
Also Read: PM मोदी की विदेश नीति पर राहुल गांधी का तंज, बोले- 'नेताओं को गले लगाना विदेश नीति नहीं'
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







