केरलम: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 13 लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर, देखें वीडियो

Updated:
विज्ञापन
Firecracker Factory Blast

केरलम के त्रिशूर स्थित पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, फोटो- एक्स

Firecracker Factory Blast: केरलम के मुंडाथिकोड में एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार (21 अप्रैल) को विस्फोट हो गया. हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं.

विज्ञापन

Firecracker Factory Blast: केरलम के त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई. हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने बताया कि पांचों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. विस्फोट उस समय हुआ जब फैक्ट्री में मजदूर पटाखा बना रहे थे.

त्रिशूर पूरम पर्व के लिए तैयार किये जा रहे थे पटाखे

अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा एक शेड में हुआ जहां मंदिर देवस्वओम की ओर से त्रिशूर पूरम पर्व के लिए पटाखें तैयार किए जा रहे थे. त्रिशूर पूरम पर्व 26 अप्रैल को है. घटना के बाद राज्य के सीएम पिनराई विजयन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए. उन्होंने बचाव और राहत कार्यों चुस्ती से करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्य सचिव से बात कर यह निर्देश दिया कि यदि आवश्यकता हो, तो गंभीर रूप से झुलसे लोगों के इलाज के लिए राज्य के बाहर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी मदद ली जाए. मुख्यमंत्री ने लोगों की मौत पर गहरा शोक जताया है.

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे घायलों के लिए विशेष उपचार तय करें. वीना जार्ज ने इमरजेंसी के लिए सरकारी एम्बुलेंस सेवा सहित अतिरिक्त एम्बुलेंस और चिकित्सा दलों को घटनास्थल पर तैनात करने को कहा है.

स्थानीय लोगों ने बताया आंखों देखा हाल

स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ और इसके बाद इलाके में रुक-रुक कर हुए धमाके होते रहे. इसके कारण बचाव कार्य में भी काफी बाधा आई. धान के खेत के बीच एक सुनसान जगह पर निर्मित कई अस्थायी ‘शेड’ में पटाखें बनाए जा रहे थे. घटना स्थल पर पहुंचे एक अधिकारी ने बताया कि वहां लगभग 40 श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि हादसे के समय कम से कम इतने लोग वहां मौजूद रहे होंगे. यह माना जा रहा है कि कुछ कर्मचारी मामूली जख्मों के साथ सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे.

कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई विस्फोट की आवाज

वडाकनचेरी नगर पालिका के अध्यक्ष पीएन सुरेंद्रन ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि धमाके काफी देर तक जारी रहे. उन्होंने बताया कि विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है. त्रिशूर के जिलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं. एक बयान के अनुसार, त्रिशूर के उप जिलाधिकारी को विस्फोट के कारणों और उसके बाद हुए नुकसान की विस्तृत जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

केंद्र सरकार किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिशूर विस्फोट में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख जताया है. मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा- प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola