उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर टिम डेविड ने उठाए सवाल, अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

Updated:
विज्ञापन
टिम डेविड ने गेंदबाजी एक्शन को लेकर उठाए सवाल (एक्स)

टिम डेविड ने गेंदबाजी एक्शन को लेकर उठाए सवाल (एक्स)

Usman Tariq bowling action controversy: पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन एक बार फिर चर्चा में है. टिम डेविड ने 'द हंड्रेड' में उनके एक्शन पर सवाल उठाए. यह पहली बार नहीं है जब तारिक के एक्शन पर सवाल उठे हैं.

विज्ञापन

Usman Tariq bowling action controversy: पाकिस्तान के रहस्यमयी स्पिनर उस्मान तारिक की गेंदबाजी एक्शन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बार ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड ने इंग्लैंड की घरेलू प्रतियोगिता द हंड्रेड के दौरान उनके एक्शन पर संदेह जताया.

ट्रेंट रॉकेट्स और बर्मिंघम फीनिक्स का मुकाबला

ट्रेंट रॉकेट्स और बर्मिंघम फीनिक्स के बीच एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में यह घटना सामने आई. ट्रेंट रॉकेट्स के लिए बल्लेबाजी कर रहे टिम डेविड उस्मान तारिक की एक वाइड गेंद पर विकेटकीपर जो क्लार्क के हाथों कैच आउट हो गए. डेविड केवल दो रन बनाकर पवेलियन लौटे. हालांकि, आउट दिए जाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज तुरंत मैदान से बाहर नहीं गए. उन्होंने अंपायर की ओर इशारा करते हुए जैसे यह सवाल उठाया कि क्या गेंद को नो-बॉल करार दिया जाना चाहिए था. उनके हावभाव से ऐसा लगा कि वह तारिक के गेंदबाजी एक्शन की वैधता को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे थे. डेविड कुछ समय के लिए रिव्यू लेने पर भी विचार करते नजर आए, लेकिन अंत में उन्होंने मैदान छोड़ दिया. अंपायरों ने गेंद को पूरी तरह वैध माना और फैसला बरकरार रहा.


Image

उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर लगातार उठते सवाल

यह पहली बार नहीं है जब किसी अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज ने उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठाए हों. पाकिस्तान के इस स्पिनर का अनोखा एक्शन लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने भी तारिक के खिलाफ ऐसी ही प्रतिक्रिया दी थी. जनवरी में लाहौर में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में तारिक की गेंद पर आउट होने के बाद ग्रीन ने चलते हुए हाथ से गेंद फेंकने जैसी मुद्रा बनाई थी. ग्रीन के इस इशारे को कई लोगों ने तारिक के एक्शन पर “चकिंग” यानी गेंद फेंकने के नियमों के उल्लंघन का संकेत माना था. हालांकि, उस समय भी आधिकारिक तौर पर गेंद को अवैध घोषित नहीं किया गया था.

टॉम बैंटन और डेरिल मिशेल भी उठा चुके हैं सवाल

इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने भी दिसंबर 2025 में International League T20 के दौरान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठाए थे. आउट होने के बाद बैंटन को अंपायर की तरफ इशारा करते देखा गया था. माना गया कि वह गेंदबाज की बांह की स्थिति को लेकर अपनी चिंता बता रहे थे. वहीं, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल का मामला थोड़ा अलग था. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में तारिक के खिलाफ खेलते समय मिशेल ने गेंद फेंके जाने से पहले कई बार रुकने की कोशिश की थी. उनकी परेशानी सीधे गेंद फेंकने के तरीके से नहीं, बल्कि गेंद डालने से पहले तारिक के रुकने वाले असामान्य अंदाज को लेकर थी.

आईसीसी नियमों के तहत अब तक नहीं हुई कार्रवाई

गेंदबाजी एक्शन को लेकर आईसीसी के नियम स्पष्ट हैं. अगर किसी गेंदबाज की कोहनी गेंद छोड़ने के दौरान तय सीमा से ज्यादा मुड़ती है तो उसे अवैध एक्शन माना जा सकता है. हालांकि, किसी गेंदबाज के एक्शन पर अंतिम फैसला तकनीकी जांच और आधिकारिक प्रक्रिया के बाद ही लिया जाता है. उस्मान तारिक के मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिबंध या अवैध एक्शन की घोषणा नहीं हुई है. इसके बावजूद उनके अनोखे अंदाज ने क्रिकेट जगत में बहस जरूर छेड़ दी है. टिम डेविड की प्रतिक्रिया के बाद अब एक बार फिर यह सवाल चर्चा में है कि क्या तारिक का एक्शन नियमों के दायरे में है या नहीं. फिलहाल, मैदान पर अंपायरों के फैसले के अनुसार उनकी गेंदबाजी जारी है.

इसे भी पढ़े- ICC T20 Rankings: भारत और इंग्लैंड के बराबर पॉइंट्स, फिर भी टीम इंडिया टॉप पर


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola