GO CORONA GO: ...और रोहित की हिम्मत के आगे कोरोना वायरस ने टेके घुटने

Author : Amitabh Kumar Published by : Prabhat Khabar Updated At : 19 Apr 2020 1:22 PM

विज्ञापन

coronavirus,covid-19: कोरोना वायरस का आतंक पूरी दुनिया में है लेकिन लोग इससे डर नहीं रहे बल्कि हिम्मत से इसका सामना कर रहे हैं. ऐसी ही एक कहानी हजम आपके लिए लेकर आये हैं.

विज्ञापन

कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर दुनियाभर में फैली दहशत के बीच रोहित दत्ता की इस खतरनाक वायरस को हराने की कहानी इस महामारी को लेकर फैली अफवाहों को दूर करने के साथ ही इससे सफलतापूर्वक निपटने का हौंसला भी देती है. 45 वर्षीय रोहित दत्ता देश के हजारों अन्य लोगों की तरह कोरोना वायरस की चपेट में आये. वह दिल्ली में सबसे पहले इस वायरस की गिरफ्त में आये, लेकिन उन्होंने परेशान होने या छिपने की बजाय तत्काल अपनी जांच करायी और संक्रमण का पता चलने पर संयम खोये बिना पूरे धैर्य से अपना इलाज कराया.

रोहित बताते हैं कि फरवरी के दूसरे पखवाड़े में वह अपने काम के सिलसिले में इटली गये थे और वहां से बुडापेस्ट और वियना होते हुए 25 फरवरी को भारत लौटे थे. यहां आने के बाद 28 फरवरी को उन्हें हल्का बुखार आया और उन्होंने अपनी पत्नी की सलाह पर अगले दिन ही डाक्टर से सलाह ली. उन्होंने बताया कि डाक्टर ने उनके विदेश भ्रमण की बात सुनकर तत्काल उनका परीक्षण कराया और 2 मार्च को उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित करार दिया गया.

वह मानते हैं कि बीमारी से पीड़ित होने की बात सुनकर एक बार तो उन्हें धक्का लगा, लेकिन फिर डॉक्टरों ने समय पर बीमारी के पकड़ में आने के कारण उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद जतायी और डरने या परेशान होने की बजाय रचनात्मक गतिविधियों में खुद को व्यस्त रखने का आग्रह किया. बीमारी के समय की अपनी गतिविधियों की जानकारी देते हुए रोहित बताते हैं कि अस्पताल में भर्ती होना हमेशा से डर और असुरक्षा को जन्म देता है, लेकिन उन्होंने मेडिटेशन के सहारे इस मुश्किल घड़ी से खुद को निकाला। मेडिटेशन को ‘पैनिक हीलर’ बताने वाले रोहित का कहना है कि वह मेडिटेशन करने में माहिर नहीं थे, फिर भी इसके अभ्यास से वह अवसाद से बचे रहे.

इसके अलावा उन्होंने संगीत सुनकर और जल्द ठीक होने की उम्मीद के साथ अपना वक्त गुजारा और 14 दिन के इलाज और 14 दिन के पृथक वास के बाद एकदम ठीक हो गये. रोहित बताते हैं कि अपनी और अपने आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए उन्होंने खुद को घर के एक कमरे में सीमित कर लिया. यहां तक कि अपनी मां और अपने बच्चों से वह कम से कम दो मीटर का फासला बनाये रहे और उनके कपड़ों, बर्तन और अन्य सामान को सावधानी से साफ किया गया. उनके आसपास के वातावरण को भी हमेशा स्वच्छ रखा गया.

जल्द पकड़ में आने पर इस बीमारी को सामान्य फ्लू जैसा बताते हुए रोहित कहते हैं कि सरकार द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करने और सावधानी बरतने के बावजूद अगर कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल डाक्टर से संपर्क करें क्योंकि ‘‘आप जितनी जल्दी डॉक्टर के पास जाएंगे उतनी जल्दी ठीक होकर अपने घर वापस लौट सकेंगे. ” बीमारी से उबरने के बाद खुद को ज्यादा आध्यात्मिक और सकारात्मक महसूस कर रहे रोहित सभी को यही सलाह देते हैं कि कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाये जाने पर आप भी ‘पॉजिटिव’ बने रहें, अपना धैर्य न खोएं और निराशा तथा नकारात्मकता को अपने नजदीक न फटकने दें.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola