कोविड-19 ने इन राज्यों की टेंशन बढ़ाई, महाराष्ट्र और कर्नाटक में एक–एक संक्रमित की मौत
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 25 May 2025 7:00 AM
coronavirus cases in india
Coronavirus Cases in India : भारत में कोविड-19 के जेएन.1 वेरिएंट के मामले तेजी से बढ़ते नजर आ रहे हैं, खासकर केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक में मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. केरल में रैंडम टेस्टिंग और निगरानी शुरू कर दी गई है, जबकि तमिलनाडु में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. अन्य राज्यों में भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं.
Coronavirus Cases in India : भारत में कोविड-19 के केस बढ़ रहे हैं. ये मामले जेएन.1 वेरिएंट के हैं. केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है जिसने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है. केरल सरकार ने सभी जिलों में सख्त निगरानी और रैंडम टेस्टिंग शुरू कर दी है. तमिलनाडु सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने को अनिवार्य कर दिया है. अन्य राज्यों में भी एहतियात बढ़ा दी गई है. देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने शनिवार को स्थिति की समीक्षा की. सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क है और विभिन्न एजेंसियों के जरिए हालात पर लगातार पैनी नजर रख रहा है ताकि समय पर जरूरी कदम समय पर उठाए जा सकें.
कर्नाटक में संक्रमित बुजुर्ग की मौत
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 84 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोविड-19 संक्रमण से मौत हो गई. वह गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे और 13 मई को व्हाइटफील्ड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे. 17 मई को उनकी मृत्यु हो गई. शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई.राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कर्नाटक में अब तक कोविड-19 के 38 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 32 केस अकेले बेंगलुरु में दर्ज किए गए हैं। प्रशासन सतर्कता बरत रहा है.
नोएडा में कोविड-19 से एक महिला संक्रमित पाई गई
उत्तर प्रदेश के नोएडा में कोविड-19 से संक्रमित पाई गई 55 वर्षीय एक महिला को घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है. अधिकारियों के मुताबिक उसके परिवार के सदस्यों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. गौतमबुद्धनगर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा, ‘‘घर पर ही आइसोलेशन में रह रही महिला ने 14 मई को ट्रेन से यात्रा की थी. उसके परिवार के सदस्यों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं. ’’
उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के दो मामले सामने आए
उत्तराखंड के ऋषिकेश में कोरोना वायरस संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद हालात पर नजर रखी जा रही है. प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर किसी तरह के डर जैसी कोई स्थिति नहीं है और जो कोविड-19 के दो मरीज मिले हैं, वे अन्य राज्यों से संक्रमित होकर आए हैं.
महाराष्ट्र में कोविड-19 से एक मरीज की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शनिवार को कोविड-19 से एक मरीज की मौत हो गई, जबकि संक्रमण के आठ नए मामलों की पुष्टि हुई है. ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने के मुताबिक, शहर में कोविड-19 के 18 मरीज इलाज करा रहे हैं, जिनमें से केवल एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य घर पर ही आइसोलेशन में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है. टीएमसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, गंभीर मधुमेह से पीड़ित 21 वर्षीय एक व्यक्ति की कलवा स्थित नगर निकाय द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में अन्य बीमारियों के कारण मौत हो गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










