Aaj ka Mausam : यहां होगी बारिश और बर्फबारी, कोहरे को लेकर जारी किया गया अलर्ट

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 20 Dec 2025 5:57 AM

विज्ञापन

मौसम को लेकर जारी किया गया अलर्ट (Photo: PTI)

Aaj ka Mausam : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर की सुबह तक कोहरा छा सकता है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 दिसंबर की सुबह तक कोहरा रहेगा. जानें विभाग की ओर से और क्या दी गई जानकारी.

विज्ञापन

Aaj ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 5 दिनों तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. वहीं 20 से 22 दिसंबर के दौरान पंजाब में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी

उत्तर भारत में विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है.

झारखंड का मौसम

20 और 21 दिसंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और मध्य इलाकों में सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना विभाग की ओर से व्यक्त की गई है. वहीं 22 दिसंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य हिस्सों में भी सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया नजर आ सकता है.

बिहार में शीतलहर से बढ़ सकती है ठिठुरन

मौसम विभाग ने बिहार के बड़े हिस्से में शीतलहर और घने से बेहद घने कोहरे की संभावना जताई है. उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में विजिबिलिटी बहुत कम रह सकती है. बुलेटिन के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड और ठिठुरन और ज्यादा महसूस होगी.

राजस्थान के कई इलाकों में सर्दी का असर बरकरार

राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है. कुछ दिनों तक सुबह राज्य के कई इलाकों में कोहरा छाया नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ क्षेत्रों में बादल रह सकते हैं. वहीं भरतपुर संभाग और आसपास के इलाकों में 20 दिसंबर की सुबह भी घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है.

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली के अलावा बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली जिलों में कोहरे का असर ज्यादा रहने की चेतावनी दी गई है.

यह भी पढ़ें : Heavy Rain And Cold Wave Alert: 19,20,21,22 दिसंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, इन राज्यों में शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक

उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम कैसा रहेगा

IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं.

पूर्वी भारत का मौसम कैसा रहेगा

अगले 5 दिनों तक पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola