हमारा पैसा लेकर... बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया, बजट 2026 पर भड़कीं ममता बनर्जी, TMC ने सरकार को जमकर कोसा

बजट 2026 पर ममता बनर्जी का बयान.
Budget 2026 Mamata Banerjee Reaction: भारत सरकार के बजट 2026 पर ममता बनर्जी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य से सब ले रही है, लेकिन हमारा ही पैसा देकर बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकरा ने बंगाल को एक पैसा नहीं दिया.
Budget 2026 Mamata Banerjee Reaction: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किए जाने के बाद केंद्र सरकार पर राज्य के लिए धन जारी न करने का आरोप लगाया. लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश किया. वित्त मंत्री सीतारमण ने सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव रखा, जिनमें वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच का कॉरिडोर भी शामिल है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पश्चिम बंगाल के डांकुनी को पूर्व में और गुजरात के सूरत को पश्चिम में जोड़ने वाले नए समर्पित माल ढुलाई कॉरिडोर (Dedicated Freight Corridor) स्थापित करेगी.
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर ‘खुलेआम झूठ’ फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST) को लेकर भी केंद्र की आलोचना की. सीएम बनर्जी ने कहा, ‘उन्होंने तीन कॉरिडोर की घोषणा की है, जबकि हम पहले ही छह की घोषणा कर चुके हैं. उन्होंने जिन तीन कॉरिडोर की बात की है, वह पूरी तरह झूठ से भरी है. यह पहले से प्रक्रिया में है और हमने वहां काम शुरू कर दिया है. पुरुलिया के जंगलमहल जंगल सुंदरी परियोजना में इस आर्थिक कॉरिडोर के लिए 72,000 करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है. उन्होंने बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया. केवल एक ही टैक्स है- जीएसटी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘वे हमारा पैसा ले रहे हैं और बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं कि वे हमें पैसा दे रहे हैं. यह हमारा ही पैसा है. इसलिए उन्हें इस तरह सरकार चलाने और देश को खत्म करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. वे देश की आर्थिक संरचना, संवैधानिक ढांचे और स्वतंत्र संस्थाओं को नष्ट करना चाहते हैं. वे बातें ज्यादा करते हैं, काम कम. यह बजट दिशाहीन है, इसमें दूरदर्शिता का अभाव है तथा यह नीरस एवं जनविरोधी है. यह बजट महिला-विरोधी, किसान-विरोधी, शिक्षा-विरोधी है तथा यह अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के भी खिलाफ है…. बजट में पश्चिम बंगाल के लिए कुछ भी नहीं है.’
अभिषेक बनर्जी ने भी बोला तीखा हमला
वहीं, संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में राज्य का जिक्र तक नहीं किया और इसे ‘बिना विजन वाला’ बजट बताया.
उन्होंने कहा, ‘5001 सेकंड के भाषण में बंगाल का नाम एक बार भी नहीं लिया गया. चाहे किसान हों या युवा, सरकार एआई और तकनीक की बात करती है, लेकिन रोजगार पर कोई चर्चा नहीं है. न कोई आर्थिक सुरक्षा है, न आय को स्थिर करने का कोई तरीका. यह एक बेनाम, बेबुनियाद और बिना विजन वाला बजट है. मेरे लिए यह बजट ऐसा है जैसे किसी पीआर विभाग ने खुद का मूल्यांकन रिपोर्ट लिखी हो. इस बजट में किसी भी वर्ग के लिए कोई ठोस समाधान नहीं है. केंद्र बंगाल को बांग्लादेश की तरह देखता है.’
वित्त मंत्री ने क्या घोषणाएं कीं?
पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसी बीच निर्मला सीतारमण ने घोषणा की, ‘पर्यावरण के अनुकूल माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए मैं पूर्व में डांकुनी और पश्चिम में सूरत को जोड़ने वाले नए समर्पित माल ढुलाई कॉरिडोर स्थापित करने का प्रस्ताव रखती हूं.’ उन्होंने यह भी कहा, ‘पर्यावरण के अनुकूल यात्री परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए हम शहरों के बीच सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करेंगे, जिन्हें विकास संपर्क (growth connectors) के रूप में देखा जाएगा.’
वित्त मंत्री ने कहा कि मुंबई से पुणे, पुणे से हैदराबाद, हैदराबाद से बेंगलुरु, हैदराबाद से चेन्नई, चेन्नई से बेंगलुरु, दिल्ली से वाराणसी और वाराणसी से सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर बनाए जाएंगे.
एएनआई के इनपुट के साथ.
ये भी पढ़ें:- Budget 2026: 15% बढ़कर 7.8 लाख करोड़ रुपये हुआ रक्षा बजट, चीन-पाकिस्तान से निपटने का पूरा प्लान; जेट-ड्रोन-सबमरीन
ये भी पढ़ें:- Budget 2026: टूरिज्म हब बनेगा भारत; मेडिकल, नॉलेज और स्टेट टूरिज्म बढ़ाने के लिए क्या-क्या करेगी सरकार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




