ePaper

8 उपग्रहों के साथ PSLV C-35 ने भरी उड़ान, स्कैटसैट कक्षा में प्रविष्ट

Updated at : 26 Sep 2016 9:26 AM (IST)
विज्ञापन
8 उपग्रहों के साथ PSLV C-35 ने भरी उड़ान, स्कैटसैट कक्षा में प्रविष्ट

श्रीहरिकोटा : अपनी अब तक की सबसे लंबी उड़ान में पीएसएलवी सी-35 भारत के स्कैटसैट-1 और अमेरिका समेत अन्य देशों के सात उपग्रहों को लेकर सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने के बाद स्कैटसैट-1 को निर्धारित कक्षा में प्रवेश करवा चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रक्षेपण के लिए ईसरो को बधाई दी […]

विज्ञापन

श्रीहरिकोटा : अपनी अब तक की सबसे लंबी उड़ान में पीएसएलवी सी-35 भारत के स्कैटसैट-1 और अमेरिका समेत अन्य देशों के सात उपग्रहों को लेकर सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने के बाद स्कैटसैट-1 को निर्धारित कक्षा में प्रवेश करवा चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रक्षेपण के लिए ईसरो को बधाई दी है. स्कैटसैट-1 उपग्रह महासागर एवं मौसम के अध्ययन के लिए है. दो घंटे से अधिक के इस अभियान को पीएसएलवी का सबसे लंबा अभियान माना जा रहा है. यह पहली बार है, जब पीएसएलवी अपने पेलोड दो अलग-अलग कक्षाओं में स्थापित कर रहा है.

आज सुबह नौ बजकर 12 मिनट पर उडान भरने वाले 44.4 मीटर लंबे पीएसएलवी ने उड़ान के 17 मिनट बाद स्कैटसैट-1 को कक्षा में प्रवेश करा दिया. इसकी जानकारी देते हुए इसरो ने कहा, ‘स्कैटसैट-1 को सफलतापूर्वक कक्षा में प्रवेश कराया गया.’ स्कैटसैट नामक प्राथमिक उपग्रह मौसम की भविष्यवाणी और चक्रवातों का पता लगाने के लिए है. 371 किलोग्राम वजन के इस उपग्रह को ‘पोलर सन सिन्क्रोनस ऑर्बिट’ में प्रवेश कराया गया जबकि अन्य सात उपग्रहों को लगभग दो घंटे बाद एक निचली कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा. पोलर सन सिन्क्रोनस ऑर्बिट में उपग्रह हमेशा सूर्य की ओर उन्मुख रहता है.

इन देशों के हैं ये 8 उपग्रह

पीएसएलवी के साथ गए सभी आठ उपग्रहों का कुल वजन 675 किलोग्राम है. यह अपने साथ स्कैटसैट-1 के अलावा भारतीय विश्वविद्यालयों के दो उपग्रह, अल्जीरिया के तीन उपग्रह, अमेरिका और कनाडा के एक-एक उपग्रह को ले गया है. इसरो ने कहा कि यह स्कैटसैट-1 द्वारा ले जाए गए कू-बैंड स्कैट्रोमीटर पेलोड के लिए एक ‘सतत’ अभियान है, जिसने वर्ष 2009 में ओशनसैट-2 उपग्रह द्वारा ले जाए गए एक ऐसे ही पेलोड की क्षमताएं पहले से बढा दी हैं. स्कैटसैट-1 के साथ जिन दो अकादमिक उपग्रहों को ले गया है, उनमें आईआईटी मुंबई का प्रथम और बेंगलूरु बीईएस विश्वविद्यालय एवं उसके संघ का पीआई सैट शामिल हैं.

प्रथम का उद्देश्य कुल इलेक्ट्रॉन संख्या का आकलन करना है जबकि पीआई सैट अभियान रिमोट सेंसिंग अनुप्रयोगों के लिए नैनोसैटेलाइट के डिजाइन एवं विकास के लिए है. पीएसएलवी अपने साथ जिन विदेशी उपग्रहों को ले गया है, उनमें अल्जीरिया के अलसैट-1बी, अलसैट-2बी और अलसैट-1एन, अमेरिका का पाथफाइंडर-1 और कनाडा का एनएलएस-19 शामिल हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola