ePaper

मुलायम ने स्पीकर पर खड़ा किया सवाल, सुमित्रा महाजन बोलीं - ऐसा मत बोलिए

Updated at : 08 Aug 2016 3:43 PM (IST)
विज्ञापन
मुलायम ने स्पीकर पर खड़ा किया सवाल, सुमित्रा महाजन बोलीं - ऐसा मत बोलिए

नयी दिल्ली : आंध्र प्रदेश के मुद्दे पर लोकसभा में पिछले सप्ताह भर से जारी हंगामे और नारेबाजी के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव आज आसन से नाराज हो गए और कहा कि इस प्रकार हंगामे के बीच कैसे सदन चलाया जा रहा है. अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने हालांकि उनके आरोप का […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : आंध्र प्रदेश के मुद्दे पर लोकसभा में पिछले सप्ताह भर से जारी हंगामे और नारेबाजी के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव आज आसन से नाराज हो गए और कहा कि इस प्रकार हंगामे के बीच कैसे सदन चलाया जा रहा है. अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने हालांकि उनके आरोप का सख्ती से विरोध करते हुए कहा कि कोई भी बात होती है तो सभी पार्टियों के नेताओं को बुलाकर विचार-विमर्श किया जाता है. शून्यकाल में वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों द्वारा आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जब आसन के समक्ष नारेबाजी की जा रही थी तो इसी बीच मुलायम सिंह खड़े हुए और आसन से कहा कि कभी हम लोगों को भी बोलने का मौका दें. इस पर जब अध्यक्ष ने उनकी बात को हंसी में उड़ाने का प्रयास किया तो मुलायम सिंह आक्रोशित हो गए.

उन्होंने कहा, ‘आप हंसी में हमारी बात को टाल रही हैं. लोकतंत्र बातचीत से चलता है. बड़े-बड़े स्पीकर देखे हैं हमने.’ उन्होंने सदन संचालन के अध्यक्ष के तौर तरीकों पर सवाल किया. इस पर अध्यक्ष सकते में आ गयीं और उन्होंने नाराजगी के साथ कहा कि आप इस प्रकार बात मत करिए. उन्होंने कहा कि मैंने किसी को बोलने की अनुमति नहीं देने की बात कभी नहीं कही. स्पीकर ने कहा, ‘मैं नियमों का अनुसरण कर रही हूं जो स्वयं सदन ने बनाए हैं.’ उन्होंने साथ ही कहा कि वह सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से विचार-विमर्श करती रही हैं.’

उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री दो बार इस मुद्दे पर बोल चुके हैं और यह संभव नहीं है कि हर मुद्दे का समाधान निकल जाए. मुलायम सिंह ने कहा कि उन्हें भी सदन का लंबा अनुभव है और वह आसन में विश्वास रखते हैं लेकिन आसन को परवाह नहीं है कि हम तथा बाकी अन्य सदस्य यहां बैठे हैं. उन्होंने सदन में मौजूद गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुखातिब होते हुए कहा, ‘आपकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. हमको बुला लेते, इनको (वाईएसआर कांग्रेस सदस्य) बुला लेते. इनकी मांग जायज हो तो मान लीजिए नहीं जायज है तो इन्हें संतुष्ट करिए.’

मुलायम ने जिस समय यह मामला उठाया उस समय कांग्रेस सदस्य सदन में मौजूद नहीं थे जो दलितों पर अत्याचार का मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं मिलने पर सदन से वाकआउट कर गए थे. अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार तो वह सदन नहीं चला सकतीं. हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गयी और शून्यकाल जारी रहा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola