लालू यादव ने जनता परिवार के विलय पर कहा, यह हो चुका है
पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने आज घोषणा की कि पूर्ववर्ती जनता परिवार की छह पार्टियों का एक नया समाजवादी दल बनाने के लिए विलय हो गया है और इस बारे में घोषणा समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव करेंगे. लालू प्रसाद ने यह घोषणा तब की जब उनकी पार्टी ने भाजपा से मुकाबले के […]
पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने आज घोषणा की कि पूर्ववर्ती जनता परिवार की छह पार्टियों का एक नया समाजवादी दल बनाने के लिए विलय हो गया है और इस बारे में घोषणा समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव करेंगे. लालू प्रसाद ने यह घोषणा तब की जब उनकी पार्टी ने भाजपा से मुकाबले के लिए विलय पर अपनी मुहर लगा दी.
राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने पटना में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को ‘एक झंडा, एक निशान’ के नारे से चुनौती दी और कहा कि नई पार्टी में शामिल होने के लिए अन्य ‘‘धर्मनिरपेक्ष’’ पार्टियों को आमंत्रित किया जाएगा.उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मेरा आरोप है कि भाजपा ने देश को ठगा है. उसका संगठन धोखाधडी पर आधारित है. यह झूठ पर आधारित पार्टी है.’’ उन्होंने विलय पर कहा, ‘‘आगे से विलय को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए.’’ बिहार में विधानसभा चुनाव नवम्बर में होना है.
प्रसाद ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक जनता परिवार के छह दलों का सवाल है तो उनका विलय हो चुका है और इस बारे में औपचारिक घोषणा मुलायम सिंह यादव करेंगे क्योंकि उन्हें इसके लिए अधिकृत किया गया है.’’ राजद प्रमुख ने यह बात अपनी पार्टी की यहां के एक होटल में दिनभर चली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद संवादददाताओं से बातचीत करते हुए कही.उन्होंने कहा, ‘‘विलय का मतलब विलय होता है. इसके बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए. केवल एक चिह्न रहेगा क्योंकि अलग अलग चिह्न से जनता में भ्रम उत्पन्न होगा. हम अन्य धर्मनिरपेक्ष पार्टियों से भी कहेंगे कि वे साम्प्रदायिकता से लडने के लिए नई पार्टी में शामिल हों.’’
इस मौके पर 21 राज्यों के 250 से अधिक प्रतिनिधि मौजूद थे जिसमें रघुवंश प्रसाद सिंह, अब्दुल बारी सिद्दिकी, सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, बिहार राजद अध्यक्ष राम चंद्र पूर्वे और अन्य नेता मौजूद थे.इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जदयू महासचिव के सी त्यागी ने कहा कि प्रसाद का निर्णय सपा प्रमुख को इस बारे में जल्द निर्णय लेने में मदद करेगा. उन्होंने कहा, ‘‘हम लालू प्रसादजी के निर्णय का स्वागत करते हैं और इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि विलय की औपचारिक घोषणा जल्द होगी.’’ उम्मीद है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करेंगे. कुमार उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आये हुए हैं.
सूत्रों ने कहा कि विलय की पूरी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और नई पार्टी के नाम की घोषणा 20 अप्रैल को शुरु होने वाले बजट सत्र के दूसरे हिस्से में की जा सकती है. सूत्रों ने इससे पहले कहा था कि नई समाजवादी पार्टी का नाम या तो समाजवादी जनता दल या समाजवादी जनता पार्टी हो सकता है. इसके साथ ही मुलायम सिंह यादव इस नई पार्टी के अध्यक्ष होंगे जिनकी पार्टी के इन सभी छह पार्टियों से लोकसभा और राज्यसभा में सबसे अधिक सांसद हैं. इसका एक समान चिह्न और एक झंडा होगा.
वर्तमान समय में पूर्ववर्ती जनता परिवार के घटक दलों में से सभी दलों के अलग अलग चिह्न हैं. 1999 तक जनता दल का चिह्न चक्र था. नई पार्टी का चिह्न चक्र या साइकिल रखने पर सक्रिय रुप से विचार हो रहा है. साइकिल वर्तमान समय में सपा का चिह्न है.एक नेता ने कहा, ‘‘ये बडे मुद्दे नहीं हैं. संसद में मुलायम नई पार्टी के नेता हो सकते हैं जबकि राज्यसभा में शरद यादव इसके नेता हो सकते हैं. सपा के लोकसभा में पांच, राजद के चार जबकि जदयू, जदएस और इनेलो के दो दो सांसद हैं. राज्यसभा में सपा के 15, जदयू के 12 और इनेलो, जदयू, जदएस और राजद के एक.एक सांसद हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










