ePaper

नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए BIMSTEC के नेता आमंत्रित, पाकिस्‍तान को न्‍यौता नहीं

Updated at : 27 May 2019 8:15 PM (IST)
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए BIMSTEC के नेता आमंत्रित, पाकिस्‍तान को न्‍यौता नहीं

नयी दिल्ली : नरेंद्र मोदी 30 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और इस समारोह में शामिल होने के लिए सरकार ने बिम्सटेक (BIMSTEC) समूह के नेताओं को आमंत्रित किया है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, बिम्सटेक देश के नेताओं को आमंत्रण सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत दिया गया है. जबकि पाकिस्‍तान के […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : नरेंद्र मोदी 30 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और इस समारोह में शामिल होने के लिए सरकार ने बिम्सटेक (BIMSTEC) समूह के नेताओं को आमंत्रित किया है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, बिम्सटेक देश के नेताओं को आमंत्रण सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत दिया गया है. जबकि पाकिस्‍तान के साथ तनावपूर्ण माहौल के बीच वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान को न्‍यौता नहीं दिया गया है.

मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वर्तमान अध्यक्ष एवं किर्गिस्तान के राष्ट्रपति तथा मारीशस के प्रधानमंत्री को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है. उन्होंने बताया, ‘शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए सरकार ने बिम्सटेक समूह के नेताओं को आमंत्रित किया है.’ बिम्सटेक में भारत समेत दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के वे 7 देश शामिल हैं, जो बंगाल की खाड़ी से जुड़े हुए हैं. इन देशों में भारत के अलावा बांग्लादेश, म्यांमार, श्री लंका, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं.

मारीशस के प्रधानमंत्री इस वर्ष प्रवासी भारतीय दिवस पर मुख्य अतिथि थे. राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 30 मई को शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे. गौरतलब है कि मोदी भाजपा के ऐसे पहले नेता हैं जिन्हें प्रधानमंत्री के रूप में पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार इस शीर्ष पद के लिए चुना गया है.

साथ ही जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचने वाले तीसरे प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में दक्षेस देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित किया गया था. इसमें तब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के तौर पर नवाज शरीफ शामिल हुए थे.

मोदी के शपथग्रहण समारोह में दूसरी बार भी शिरकत नहीं कर पायेंगी हसीना

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में दूसरी बार भी हिस्सा नहीं ले पायेंगी क्योंकि मंगलवार से उनका तीन देशों का दौरा शुरू हो रहा है. सरकार की ओर से यहां जारी बयान में कहा गया है कि मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री ए के एम मुजामिल हक इस समारोह में शिरकत करेंगे क्योंकि वह बांग्लादेश सरकार के सबसे वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हैं.

इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री हसीना का तीन देशों का दौरा मंगलवार से शुरू हो रहा है. वह जापान, सऊदी अरब और फिनलैंड की यात्रा पर जा रही हैं. विदेश में रहने के कारण हसीना 2014 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकी थी. पिछली बार बांग्लादेश की संसद अध्यक्ष डॉ शिरीन शरमिन चौधरी ने 26 मई को शपथग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola