मोदी के बयान पर राहुल का तंज - क्या भारत में बारिश होने पर सारे विमान रडार के दायरे से बाहर हो जाते हैं

Published at :14 May 2019 10:21 PM (IST)
विज्ञापन
मोदी के बयान पर राहुल का तंज - क्या भारत में बारिश होने पर सारे विमान रडार के दायरे से बाहर हो जाते हैं

नीमच/खंडवा/उज्जैन (मप्र), बठिंडा (पंजाब) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रडार और बादल’ वाले बयान पर चुटकी लेते हुए मंगलवार को कहा कि भारत में जब बारिश होती है तो क्या सारे विमान रडार के दायरे से बाहर हो जाते हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपने भाई के अंदाज […]

विज्ञापन

नीमच/खंडवा/उज्जैन (मप्र), बठिंडा (पंजाब) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रडार और बादल’ वाले बयान पर चुटकी लेते हुए मंगलवार को कहा कि भारत में जब बारिश होती है तो क्या सारे विमान रडार के दायरे से बाहर हो जाते हैं.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपने भाई के अंदाज में कहा कि मोदी का सच अब ‘लोगों के रडार’ पर है. प्रधानमंत्री मोदी ने 26 फरवरी को बालाकोट में वायु सेना की कार्रवाई के संदर्भ में हाल ही में कहा था कि बादल होने से वायु सेना के विमानों को पाकिस्तानी रडारों से बचने में मदद मिली. मध्य प्रदेश के नीमच, उज्जैन और खंडवा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान उनके परिवार का अपमान किया, लेकिन वह प्रधानमंत्री के माता-पिता के बारे में कभी गलत नहीं बोलेंगे. गांधी ने कहा, मैं मर जाऊंगा, लेकिन मोदीजी के माता-पिता का कभी अपमान नहीं करूंगा. बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ मोदी के साक्षात्कार की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा, बादलों और आम की बात हो रही है, लेकिन उन मुद्दों पर कुछ नहीं बोला जा रहा, जिनकी बात होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेरोजगार युवाओं के लिए क्या किया. गांधी ने कहा, अरे नरेंद्र मोदीजी, आम खाना मत सिखाइये. आप लोगों को बताइये कि आपने रोजगार देने, भ्रष्टाचार रोकने, कालाधन विदेशों से वापस लाने एवं किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के बारे में क्या किया? देश के लोग इस बारे में जानना चाहते हैं. लेकिन मोदी जी अब इनके बारे में बात नहीं करते हैं. प्रियंका गांधी ने पंजाब के बठिंडा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सोमवार को इसी शहर में प्रधानमंत्री की रैली के बारे में भी पता चला. उन्होंने मोदी की रैली के दौरान तेज हवाओं में कुछ तंबुओं के गिरने का जिक्र करते हुए कहा, मुझे यह भी पता चला कि बठिंडा के बादलों ने उनकी झूठ की बौछार पर जवाब दिया. प्रियंका ने कहा, तेज हवाएं हों या तूफान हो या बादल छाये हों, लेकिन उनका झूठ इस देश की जनता के रडार पर आ गया है. वह आपके सामने दुष्प्रचार करते हैं, झूठ बोलते हैं, बड़े दावे करते हैं और जब आप उनके दुष्प्रचार को सुनते हैं, तो आपको लगता है कि पिछले 70 साल में देश में कुछ नहीं हुआ और केवल इन्हीं पांच साल में सारा विकास हुआ है.

उज्जैन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मेरे पिता का अपमान करते हैं, दादी और परदादा के बारे में बोलते हैं लेकिन मैं उनके परिवार और उनके माता-पिता का अपमान कभी नहीं करूंगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोदी को प्यार से हरायेगी. राहुल ने कहा, हम किसी से नफरत नहीं करते. हिंदुस्तान के सब लोग हमारे हैं. नरेंद्र मोदी जी नफरत से बात करते हैं. मेरे पिता का अपमान करते हैं, दादी-परदादा के बारे में बोलते हैं, मगर मैं कभी भी मोदी जी के परिवार के बारे में, उनके माता-पिता के बारे में नहीं बोलूंगा. उन्होंने कहा, मैं आरएसएस, बीजेपी का आदमी नहीं हूं, मैं कांग्रेस का आदमी हूं. और जितना भी क्रोध और जितनी भी नफरत मोदी जी ने फेंकी, मैं उनको वापस प्यार से दूंगा. मैं उनसे गले मिलकर झप्पी देकर प्यार दूंगा.

खंडवा की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष ने राफेल सौदे को लेकर मोदी पर हमला बोला और कहा कि चौकीदार ने चोरी की है इसलिए भ्रष्टाचार पर बात नहीं कर रहे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार पर खुली बहस की उनकी चुनौती पर जवाब नहीं दिया है क्योंकि उन्हें कलई खुलने का डर है. गांधी ने कहा, मोदी मुझसे केवल 15 मिनट की बहस के बाद देशवासियों को अपना चेहरा नहीं दिखा पायेंगे.

राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी पिछले चुनाव में अक्सर भ्रष्टाचार की बात करते थे. खुली चुनौती है, कहीं भी मुझसे भ्रष्टाचार पर चर्चा कर लें. मैं सिर्फ 15 मिनट बोलूंगा और तीन-चार सवाल पूछूंगा. राफेल घोटाले पर, आपकी चौकीदारी पर. गारंटी देता हूं कि नरेंद्र मोदी देश की जनता को चेहरा नहीं दिखा पायेंगे. उन्होंने कहा कि 56 इंच के सीने वाला चौकीदार (डिबेट से) डरता है, सामने नहीं खड़ा होता है. उन्होंने कहा, मगर इस पर कार्रवाई होगी, देश को पता लगेगा कि नरेंद्र मोदी और अनिल अंबानी ने मिलकर देश की वायुसेना के 30,000 करोड़ रुपये चोरी किये हैं. खंडवा लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के बीच मुख्य मुकाबला है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola