ePaper

अमित शाह का तंज - अपने सेनापति का नाम क्यों नहीं बता रहे राहुल गांधी

Updated at : 03 Dec 2018 4:02 PM (IST)
विज्ञापन
अमित शाह का तंज - अपने सेनापति का नाम क्यों नहीं बता रहे राहुल गांधी

चित्तौड़गढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस द्वारा राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं किये जाने पर एक बार फिर तंज कसते हुए सोमवार को यहां सवाल उठाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान की जनता को अपने सेनापति का नाम क्यों नहीं बता रहे हैं? यहां चुनावी […]

विज्ञापन

चित्तौड़गढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस द्वारा राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं किये जाने पर एक बार फिर तंज कसते हुए सोमवार को यहां सवाल उठाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान की जनता को अपने सेनापति का नाम क्यों नहीं बता रहे हैं?

यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, मैं राहुल गांधी से बार-बार पूछता हूं कि आपकी सेना का सेनापति कौन है? लेकिन वह नहीं बताते हैं. शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न नेता है न नीति. उन्होंने कहा, चुनाव में एक ओर मोदी के नेतृत्व में देशभक्तों की टोली जैसी भाजपा खड़ी है, तो दूसरी ओर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी है, जिसका ना कोई नेता है ना नीति है ना सिद्वांत है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस पार्टी अपने वोट बैंक के स्वार्थ के चलते देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है. कांग्रेस के लोगों को एक ओर तो सर्जिकल स्ट्राइक में राजनीति दिखायी पड़ती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी देश में घुसे घुसपैठियों के समर्थन में खड़ी हो जाती है.

सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, देश को सुरक्षित करने का काम भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने किया है. राज्य की वसुंधरा राजे और केंद्र की मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा ने मोदीजी के नेतृत्व में जिस प्रकार विकास किया है उस पर जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है और आज 19 राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है. उन्होंने कहा, आज देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर भाजपा का भगवा झंडा शान के साथ लहरा रहा है. शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार ने आठ करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाकर माताओं और बहनों को शर्म से मुक्त कराया तथा सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है.

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में छह करोड़ गरीब माताओं को घरेलू गैस सिलेंडर देने का काम किया है. उन्होंने एक बार फिर कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार अंगद का पांव है जिसे कोई नहीं हिला सकता. राज्य की 200 में से 199 विधानसभा सीटों के लिए मतदान सात दिसंबर को होना है और चुनाव प्रचार पांच दिसंबर को थम जायेगा. शाह ने वीर भूमि चित्तौड़गढ़ को नमन करते हुए कहा कि अगर मेरे जैसे कई लोगों से ईश्वर पूछे कि अगला जन्म कहां लेना है, तो मैं आंख मूंद कर कह सकता हूं कि महाराणा प्रताप की वीर भूमि पर जन्म लेना है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola