ePaper

पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, झारखंड का लाल शहीद, चार आम नागरिकों की मौत

Updated at : 18 May 2018 7:26 AM (IST)
विज्ञापन
पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, झारखंड का लाल शहीद, चार आम नागरिकों की मौत

जम्मू : जम्मू में शुक्रवार तड़के सीमा से लगी चौकियों और गांवों में पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से की गयी भारी गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया जबकि चार आम नागरिकों की मौत हो गयी. इस गोलाबारी में ए‍क जवान के जख्‍मी होने की भी खबर है. जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर […]

विज्ञापन

जम्मू : जम्मू में शुक्रवार तड़के सीमा से लगी चौकियों और गांवों में पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से की गयी भारी गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया जबकि चार आम नागरिकों की मौत हो गयी. इस गोलाबारी में ए‍क जवान के जख्‍मी होने की भी खबर है. जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीसरे दिन गोलाबारी और गोलीबारी हुई है. यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू कश्मीर के शनिवार को होने वाले आधिकारिक दौरे से एक दिन पहले हुई है.

बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू के आर एस पुरा , बिश्नाह , अरनिया सेक्टरों में देर रात करीब एक बजे से मोर्टार दागना और गोलीबारी करना तेज कर दिया है. उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने हमलों का जवाब दिया. अंतिम रिपोर्ट मिलने तक इलाके में गोलीबारी जारी थी.

अधिकारी ने बताया कि शहीद जवान की पहचान 192 बटालियन के 28 वर्षीय कांस्टेबल सीताराम उपाध्याय के तौर पर हुई है. वह जब्बोवाल सीमा चौकी पर रात करीब डेढ़ बजे गंभीर रूप से घायल हो गये थे. जम्मू के जीएमसी अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था. शहीद जवान झारखंड के गिरिडीह पालगंज के रहने वाले थे. शहीद की पत्नी ने कहा कि भारत ने कहा है कि रमजान के महीने में सुरक्षाबल ऑपरेशन को अंजाम नहीं देंगे लेकिन पाकिस्तान की फायरिंग में मेरे पति की जान चली गयी. मुआवजे से क्या होगा ? मुआवजे से मेरे पति तो वापस नहीं आयेंगे. जैसे ही उनके शहीद होने की खबर घर वालों को मिली उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया.

अधिकारी ने बताया कि वह झारखंड के गिरीडीह के रहने वाले थे और 2011 में बल में शामिल हुए थे. उपाध्याय के परिवार में तीन वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी है. अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के सहायक उप – निरीक्षक पित्तल सीमा चौकी पर घायल हो गये थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी में कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ जानवर भी मारे गये.

आर एस पुरा के एसडीपीओ साहिल पराशर ने बताया कि गोलाबारी ग्रस्त इलाकों से घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस बुलेटप्रूफ वाहनों का इस्तेमाल कर रही है. गोलाबारी के मद्देनजर प्रशासन ने आश्रय स्थलों को सक्रिय कर दिया है. बहरहाल , कठुआ और सांबा जिलों में गोलाबारी थम गयी है. अधिकारी ने कहा कि कठुआ और सांबा जिलों में कल से सीमा – पार से कोई गोलाबारी या गोलीबारी नहीं हुई है. जम्मू – कश्मीर के कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कल पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 15 सीमा चौकियों पर गोलीबारी और गोला दागने की घटना में बीएसएफ के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गये थे.

सांबा सेक्टर में 15 मई को पाकिस्तानी सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने में घुसपैठियों की मदद करने के लिए संघर्ष विराम का उल्लंघन कर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की. इस घटना में बीएसएफ का 28 वर्षीय एक जवान शहीद हो गया था. सैनिकों ने 12 मई से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की चार कोशिशें नाकाम की हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola